आस्ट्रेलिया में 88 साल बाद टेस्ट इतिहास का सबसे छोटा स्कोर बना

कोई भारतीय बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका
एडीलेड।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एडीलेड में खेले जा रहे डे-नाइट टेस्ट की दूसरी पारी में भारत ने नौ विकेट पर 36 रन बनाए। आखिर में मोहम्मद शमी चोटिल होकर रिटायर हुए। यह भारत का टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे छोटा स्कोर है। इससे पहले भारतीय टीम का टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम स्कोर 42 रन का रहा है। जो उसने इंग्लैंड के खिलाफ लॉ‌र्ड्स में 1974 में बनाया था। उस वक्त भारतीय टीम 17 ओवर में ऑल आउट हो गई थी।
यह टेस्ट इतिहास का ओवरऑल सातवां सबसे कम स्कोर भी है। 88 साल पहले 1932 में साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में 36 रन बनाए थे।भारतीय टीम को पहली पारी में 53 रन की लीड मिली थी। दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाजों ने निराश किया। दूसरी पारी में कप्तान विराट कोहली (4) समेत कोई भी बल्लेबाज 10 रन नहीं बना सका। चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे और रविचंद्रन अश्विन खाता भी नहीं खोल सके। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने सबसे ज्यादा 5 और पैट कमिंस ने 4 विकेट लिए।
भारत का यह ओवरऑल सातवां लोएस्ट टोटल है। टेस्ट क्रिकेट में सबसे लोएस्ट टोटल का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के नाम है। उसने 1955 में इंग्लैंड के खिलाफ ऑकलैंड में 26 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड की टीम 27 ओवर में सिमट गई थी। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने 1896 में इंग्लैंड के खिलाफ 30 रन बनाए थे जोकि टेस्ट क्रिकेट में दूसरा सबसे कम स्कोर है। दक्षिण अफ्रीका के नाम ही टेस्ट इतिहास का तीसरा, चौथा और पांचवां लोएस्ट टोटल भी है। उसने 1924 में इंग्लैंड के खिलाफ ही एक पारी में 30 रन, 1899 में इंग्लैंड के खिलाफ 35 रन और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1932 में 36 रन बनाए थे।

रिलेटेड पोस्ट्स