योगासन को प्रतिस्पर्धी खेल की मिली मान्यता

खेल मंत्रालय इस खेल की करेगा आर्थिक मदद
खेलपथ प्रतिनिधि
नई दिल्ली।
खेल मंत्रालय ने गुरुवार को योगासन को प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में औपचारिक तौर पर मान्यता दे दी जिससे इसे सरकारी सहायता मिल सकेगी। खेल मंत्री किरेन रिजिजू और आयुष (आयुर्वेद, योग, नैचुरोपैथी, यूनानी, सिद्ध, होम्योपैथी) मंत्री श्रीपाद येस्सो नाईक ने यहां एक कार्यक्रम के दौरान योगासन को प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में मान्यता दी।
खेल मंत्रीरी रिजिजू ने कहा कि योगासन लम्बे समय से प्रतिस्पर्धी खेल है लेकिन इसे भारत सरकार से मान्यता मिलने की जरूरत थी ताकि यह आधिकारिक और मान्य प्रतिस्पर्धी खेल बन सके। उन्होंने कहा, ''आज बड़ा दिन है और हम इसे प्रतिस्पर्धी खेल के तौर पर औपचारिक रूप से लांच कर रहे हैं।'' पिछले साल योग गुरु बाबा रामदेव की अध्यक्षता में अंतरराष्ट्रीय योगासन खेल महासंघ का भी गठन किया गया था। डॉक्टर एच.आर. नागेंद्र इसके महासचिव हैं।
भारतीय राष्ट्रीय योगासन खेल महासंघ का भी गठन किया गया जिसे पिछले महीने खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल महासंघ के तौर पर मान्यता दी। रिजिजू ने कहा कि खेल मंत्रालय इस राष्ट्रीय महासंघ को वित्तीय सहायता देगा ताकि आने वाले साल के लिए यह योजना बना सके और प्रतिस्पर्धी आयोजन हो सकें।

रिलेटेड पोस्ट्स