कप्तान मनप्रीत ने मलेशिया की इली सादिक संग लिए फेरे

जालंधर के गुरुद्वारे में हुई शादी
कोरोना के चलते सीमित रखा समारोह
खेलपथ प्रतिनिधि
जालंधर।
इंडियन हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह विवाह बंधन में बंध गए हैं। जालंधर के गुरु तेग बहादुर नगर स्थित गुरुद्वारा साहिब में उन्होंने मलेशिया की रहने वाली इली सादिक के साथ सात फेरे लिए। उनकी होने वाली पत्नी इली का पंजाबी नाम नवप्रीत कौर रखा गया है। कोरोना के चलते उनके विवाह समारोह को सीमित रखा गया है। मनप्रीत सिंह मूल रूप से जालंधर के मिट्ठापुर के रहने वाले हैं।
भारतीय हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह साल 2012 में मलेशिया में हुए सुल्तान ऑफ जोहोर कप में इली सादिक से मिले थे। उस वक्त मनप्रीत सिंह भारतीय जूनियर हॉकी टीम का नेतृत्व कर रहे थे। इली सादिक यह मैच देखने आई थी। उस समय से ही वह मनप्रीत की बड़ी प्रशंसक हैं।
अक्सर देखा जाता है कि लड़का-लड़की में पहले दोस्ती, फिर मेल-जोल होता है, तब कहीं जाकर प्यार होता है लेकिन इली और मनप्रीत के बीच सीधे प्यार की एंट्री हुई। 2012 में मनप्रीत सिंह सुल्तान जोहोर कप खेलने के लिए मलेशिया गए हुए थे। बस यही उनकी मुलाकात पाकिस्तानी और मलेशियाई मूल की इली से मुलाकात हुई। इसके बाद मनप्रीत इंडिया लौट आए लेकिन दोनों के बीच प्यार परवान चढ़ गया। इली कई बार इंडिया आई और मनप्रीत भी कई बार मलेशिया गए। इस दौरान हुए एशिया कप के दौरान भी इली स्टेडियम में मौजूद रही।
दोनों के बीच प्यार का इजहार मनप्रीत की तरफ से ही हुआ था। मनप्रीत ने सुल्तान जोहोर कप के दौरान स्टेडियम में ड्यूटी कर रहे एक ऑफिसर से इली का मोबाइल नंबर लिया था। उसके बाद उन्होंने इली से मुलाकात की। जब वे दोनों मिले तो पहली बार में ही मनप्रीत ने बिना कुछ अधिक जाने इली को अपने दिल की बात बताई। वे खुशी-खुशी मान गईं।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह कुछ महीने पहले अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ यानी एफआईएच के प्लेयर ऑफ द ईयर बन चुके हैं। मनप्रीत 1999 में यह पुरस्कार शुरू होने के बाद इसे हासिल करने वाले पहले भारतीय थे। मनप्रीत को सबसे ज्यादा 35.2 फीसदी वोट मिले थे।
अंतरराष्ट्रीय हॉकी टीम कप्तान मनप्रीत सिंह 7 नंबर को अपने लिए लकी मानते हैं। मनप्रीत सिंह जर्सी भी 7 नबर की पहनते हैं। बुधवार को भी फेरे लेने 0007 नंबर की फॉरच्यूनर गाड़ी में पहुंचे।
हॉकी कप्तान मनप्रीत बोले, 9 साल का रिश्ता शादी में बदला
जीवन में महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ने के सवाल पर हॉकी कैप्टन मनप्रीत सिंह ने कहा कि काफी अच्छा लग रहा है। हमारी शादी की तारीखें कई बार चेंज हुई थी और इस बार सोचा था कि ओलंपिक के बाद शादी करेंगे लेकिन कोविड-19 कई बार शादी की तारीख बदलनी पड़ी। इस बार भी हमने कोविड से जुड़ी सावधानियों को बरकरार रखा है। कई लोगों को शादी में नहीं बुला सके लेकिन हालात सुधरने के बाद फिर कोई समारोह करेंगे। भारतीय हॉकी कप्तान मनप्रीत सिंह ने कहा कि 9 साल से उनका रिलेशनशिप चल रहा था। अब अच्छा लग रहा है कि शादी हो गई है।
2017 से इंडियन हॉकी टीम के कप्तान हैं मनप्रीत
जालंधर के मिट्‌ठापुर में 1992 में जन्में मनप्रीत सिंह 2017 से इंडियन हॉकी टीम के कप्तान हैं। उस वक्त इंडियन हॉकी टीम चुनौतियों से जूझ रही थी, जब उन्हें कप्तानी का जिम्मा सौंपा गया। मनप्रीत ने बेहतरीन ढंग से कप्तानी संभाली और एशिया कप में गोल्ड मैडल जीता। उन्होंने 19 साल की उम्र में 2011 से भारत के लिए हॉकी खेलनी शुरू की थी।
ओलंपिक जीत कर पत्नी को गिफ्ट करेंगे रेंज रोवर
इंडियन हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह ने अपना वादा दोहराया कि वो टोक्यो मे होने वाले ओलंपिक को जीतकर पत्नी को रेंज रोवर गाड़ी गिफ्ट करेंगे। उन्होंने पत्नी इली की सराहना करते हुए कहा कि अब तक उन्होंने हमेशा उन्हें सपोर्ट किया है। आने वाले मैचों में भी उनका पूरा सपोर्ट मिलेगा। उन्होंने कहा कि मम्मी इली का ख्याल रखेगी और वो खेल पर ध्यान केंद्रित करेंगे। उनकी पत्नी अपना बिजनेस भी शुरू करेगी।
ओलंपिक के लिए अटैकिंग गेम पर फोकस, गोल्ड जीतना लक्ष्य : मनप्रीत
हॉकी कप्तान मनप्रीत सिंह नेे कहा कि ओलंपिक के लिए इंडियन हॉकी टीम की पूरी तैयारी है। इसके लिए लगातार कैप में प्रैक्टिस चल रही है। वह भी हाल ही में कैंप से आए हैं और वहां सभी खिलाड़ियों के फिटनेस लेवल का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। इंडियन टीम का लक्ष्य ओलंपिक में हॉकी में गोल्ड जीतना है। इसलिए वो किसी भी टीम को अंडर एस्टीमेट नहीं कर रहे हैं। ट्रेनिंग के दौरान सभी टीमों की रणनीति व खेल को बारीकी से देखकर समझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ओलंपिक जीतने के लिए खिलाड़ियों को अपने प्रदर्शन में निरंतरता बरकरार रखनी होगी। इसके अलावा हम अटैकिंग गेम पर फोकस कर रहे हैं ताकि हर चांस को गोल में बदल सके।

रिलेटेड पोस्ट्स