ओलम्पिक तैयारियों को प्रशिक्षण शिविर अनिवार्यः साई

32 शूटरों के लगेंगे शिविर
नई दिल्ली।
पहले कैंप रद्द करने और उसके बाद राष्ट्रीय दल में शामिल शूटरों के लिए कर्णी सिंह शूटिंग रेंज खोले जाने के बाद अब साई और एनआरएआई 32 ओलम्पिक सम्भावितों का 15 अक्बटूर से 14 दिसम्बर तक कैंप लगाने जा रहे हैं। इस कैंप में ओलम्पिक का कोटा दिलाने वाले 15 शूटर भी शामिल हैं। हालांकि अब तक यह तय नहीं है कि कैंप में कितने शूटर शामिल होंगे। एनआरएआई शूटरों से कैंप में शामिल होने के बारे में पूछेगी, जबकि साई ने ओलम्पिक की तैयारियों के लिए कैंप के आयोजन को अनिवार्य बताया है।
साई ने कैंप में 18 पुरुष और 14 महिला शूटरों को शामिल करते हुए कहा है कि ओलम्पिक की तैयारियों के लिए कैंप का आयोजन अनिवार्य है। कैंप पहले से निर्धारित एसओपी के अनुसार लगाया जाएगा, लेकिन अब तक न तो साई को और न ही एनआरएआई को मालूम है कि कैंप में कितने शूटर शामिल होंगे। 
फेडरेशन ने बीते दिनों 107 शूटरों को कैंप में शामिल होने के बारे में मेल करने को कहा था। इनमें 20 शूटरों ने कैंप में आने से मना कर दिया। 50 के करीब ने कोई जवाब नहीं दिया, जबकि 40 के करीब शूटरों ने ही कैंप में आने के बारे में कहा। ऐसे में अब देखना होगा कि 32 में से कितने शूटर कैंप में शामिल होने के लिए आते हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स