मध्य प्रदेश शूटिंग, रोइंग तथा हाॅकी अकादमी पर केन्द्र की मुहर

मध्य प्रदेश की खेल अकादमियां बनीं रोल माॅडल 
खेलपथ प्रतिनिधि
भोपाल।
भारत सरकार की उच्चस्तरीय समिति ने मध्य प्रदेश की शूटिंग, रोइंग तथा हाॅकी एकेडमी को भविष्य के चैम्पियन खिलाड़ी तैयार करने के लिए अनुमोदित किया है। उल्लेखनीय है कि देश के चुनिन्दा छह राज्यों के प्रशिक्षण केन्द्रों को खेलो इंडिया स्टेट सेंटर आफ एक्सीलेंस के लिए चुना गया है। मध्य प्रदेश की शूटिंग, रोइंग तथा हाॅकी अकादमियों पर केन्द्रीय खेल मंत्रालय सम्मोहित हो गया है। ज्ञातव्य है कि गत दिनों मध्य प्रदेश की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने केन्द्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू से सौजन्य भेंट की थी। 
खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया की पहल पर मध्य प्रदेश में खेल अकादमियों के संचालन की शुरुआत 2006-07 में हुई थी। छत्तीसगढ़, राजस्थान, गोवा, मेघालय, नागालैण्ड और ओड़िशा जैसे राज्य मध्य प्रदेश राज्य खेल अकादमी माॅडल का अनुसरण कर रहे हैं। वर्तमान में प्रदेश की खेल अधोसंरचना देश की सर्वश्रेष्ठ खेल अधोसंरचना में गिनी जाती है। राज्य शूटिंग अकादमी विश्वस्तरीय अधोसंरचना से सुसजित है तो हाॅकी अकादमी में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। मध्य प्रदेश राज्य खेल अकादमी का वाटर स्पोर्ट्स सेंटर भी देश के सर्वश्रेष्ठ वाटर स्पोर्ट्स सेंटर में गिना जाता है। मध्यप्रदेश की तीन खेल अकादमियों का चयन खेलो इंडिया के तहत किया जाना बड़ी उपलब्धि है। म.प्र. राज्य शूटिंग अकादमी, रोइंग तथा हॉकी अकादमी में अब देश के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जायेगा। 
खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि मध्यप्रदेश की तीन खेल अकादमियों का खेलो इंडिया के तहत चयन एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में खेलों के विभिन्न आयामों पर काम हो रहा है। वर्तमान में आधुनिक स्पोर्ट्स विज्ञान एवं तकनीकी सहयोग से न सिर्फ खिलाड़ियों का बल्कि प्रशिक्षकों को भी हाई परफारमेंस प्रशिक्षण दिया जा रहा है। श्रीमती सिंधिया ने कहा अब मध्यप्रदेश खिलाड़ियों को उच्चकोटि का प्रशिक्षण और सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए तैयार है। उन्होंने मध्य प्रदेश राज्य खेल अकादमियों को मेगा सेण्टर के लिए चयनित होने पर सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रशिक्षकों एवं खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि उनके अथक प्रयासों से अकादमी की स्थापना हुई थी, लेकिन खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की मेहनत के कारण खेलों में मध्य प्रदेश अग्रणी राज्य बन गया है। इस सेण्टर के बनने से उच्च स्तर पर खिलाड़ियों को प्रदर्शन करने में मदद मिलेगी। भविष्य में मध्य प्रदेश से ज्यादा से ज्यादा ओलम्पिक खिलाड़ी तैयार हो पायेंगे।
मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग, हाॅकी और रोइंग अकादमी की उपलब्धियाँ
मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी में देश के ख्यातिप्राप्त प्रशिक्षक मनशेर सिंह, जसपाल राणा, सुमा शिरूर उच्चस्तरीय प्रशिक्षक प्रशिक्षण दे रहे हैं। शूटिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने अब तक राष्ट्रीय स्तर पर 165 स्वर्ण, 176 रजत और 178 कांस्य सहित कुल 519 पदक तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर 20 स्वर्ण, 28 रजत और 33 कांस्य सहित कुल 81 पदक अर्जित किए हैं। खिलाड़ियों द्वारा अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 187 बार भागीदारी की गई है। अकादमी की शूटिंग खिलाड़ी चिंकी यादव तथा ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने भारत को टोक्यो ओलम्पिक के लिए कोटा दिलाया है।
इसी तरह पुरूष हाॅकी अकादमी के खिलाड़ियों ने अब तक राष्ट्रीय स्तर पर एक स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य सहित कुल 07 पदक जीते हैं। 1980 ओलम्पिक पदक विजेता टीम के सदस्य रहे द्रोणाचार्य तथा अर्जुन अवार्डी खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक राजिन्दर सिंह मध्य प्रदेश हाॅकी अकादमी के खिलाड़ियों को खेल की बारीकियां सिखा रहे हैं।
मध्य प्रदेश वाॅटर स्पोर्ट्स (रोइंग) अकादमी के खिलाड़ियों ने अब तक राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में 34 स्वर्ण, 30 रजत और 29 कांस्य सहित कुल 93 पदक तथा अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में एक स्वर्ण, पाँच रजत और एक कांस्य सहित कुल 07 पदक अर्जित किए हैं। 14 बार अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों की भागीदारी रही है। रोइंग अकादमी के प्रशिक्षक कैप्टन दलबीर सिंह अर्जुन अवार्डी हैं, इनके मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश सीनियर राष्ट्रीय चैम्पियन बना। संचालक खेल और युवा कल्याण पवन कुमार जैन ने मध्य प्रदेश खेल अकादमी के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि निश्चित ही यह मध्य प्रदेश के लिए उपलब्धि भी है और उच्च स्तर पर जाने का अवसर भी है। उन्होंने सभी को बधाई दी।

रिलेटेड पोस्ट्स