रानी व विनेश को मिलेगा राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार

राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों में हरियाणा का दबदबा

खेलपथ प्रतिनिधि

चंडीगढ़। हरियाणा के खेल एवं युवा मामलों के राज्य मंत्री संदीप सिंह ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के लिए चयन होने पर हरियाणा के प्रतिभावान खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों को बधाई दी है। उन्होंने बताया कि भारतीय हाॅकी की पूर्व कप्तान रानी रामपाल व पहलवान विनेश फोगाट को आगामी खेल दिवस पर राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। शूटर मनु भाकर, हॉकी खिलाड़ी दीपिका ठाकुर, बाॅक्सर मनीष कौशिक, पैराशूटर मनीष नरवाल, कबड्डी खिलाड़ी दीपक निवास हुड्डा, पैरा-एथलीट संदीप चौधरी को अर्जुन अवाॅर्ड से सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि द्रोणाचार्य अवाॅर्ड से कबड्डी के प्रशिक्षक कृष्ण कुमार तथा पहलवान ओमप्रकाश दहिया को सम्मानित किया जाएगा। कबड्डी खिलाड़ी मनप्रीत सिंह व पहलवान नेत्रपाल हुड्डा को ध्यानचंद अवाॅर्ड मिलेगा। खेल राज्य मंत्री ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश में ही नहीं, विदेश में भी अपने देश का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में लागू ‘हरियाणा खेल एवं शारीरिक गतिविधियां नीति-2015’ ने खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने का काम किया है। सरकार ने ओलम्पिक व पैरालंपिक्स खेलों में क्वालीफाई होने वाले खिलाड़ियों को पूर्व तैयारी के लिए 5 लाख की प्रोत्साहन राशि एडवांस देने को मंजूरी दी है।

रिलेटेड पोस्ट्स