रोहित शर्मा खेल रत्न के लिए नामांकित

द्रोणाचार्य अवार्ड जसपाल राणा, जूड फेलिक्स, नरेश कुमार को मिलने की सम्भावना

खेलपथ प्रतिनिधि

नई दिल्ली। क्रिकेटर रोहित शर्मा को देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न के लिए नामांकित किया गया है। अगर उन्हें यह अवॉर्ड मिलता है तो सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और कप्तान विराट कोहली के बाद रोहित यह सम्मान पाने वाले चौथे क्रिकेटर बनेंगे। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। मीडिया सूत्रों की मानें तो रोहित शर्मा के साथ पहलवान विनेश फोगाट, टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा और पैरालम्पियन मरियप्पन थांगावेलु के नाम की भी सिफारिश राजीव गांधी खेल रत्न के लिए की गई है। 

राष्ट्रीय पुरस्कार समिति ने जब रोहित शर्मा के नाम को आगे बढ़ाया तो उसका आधार निश्चित तौर पर हिटमैन का 2019 विश्व कप में शानदार खेल रहा होगा। मुंबई के इस खिलाड़ी ने टूर्नामेंट में रिकॉर्ड पांच शतक के साथ 648 रन बनाए थे वहीं, विनेश फोगाट ने 2019 विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में रजत पदक जीता था। वह टोक्यो ओलम्पिक 2021 के लिए क्वालीफाई करने वाली एकमात्र भारतीय महिला पहलवान भी हैं। राष्ट्रीय खेल पुरस्कार के लिए 12 सदस्यीय चयन समिति ने सोमवार को द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कार के लिए नामों की सिफारिश की थी, जबकि मंगलवार को समिति ने राजीव गांधी खेल रत्न और अर्जुन पुरस्कार के नामों को भी पक्का किया है।

जूनियर भारतीय पिस्टल टीम के मुख्य कोच जसपाल राणा को ओलम्पिक कोटा हासिल करने वाले सौरभ चौधरी और मनु भाकर के लिए इस साल का द्रोणाचार्य अवॉर्ड दिया जाएगा। राणा को बीते वर्ष अवॉर्ड नहीं मिलने पर काफी विवाद हुआ था और मामला अदालत तक पहुंचा था। राणा के साथ डेविस कप टीम के कप्तान, कोच रहे 91 साल के नरेश कुमार और पूर्व हॉकी कप्तान व जूनियर पुरुष हॉकी टीम के कोच रहे जूड फेलिक्स की सिफारिश भी द्रोणाचार्य के लिए की गई है। खेल मंत्रालय के सूत्रों की मानें तो इस बार खेल दिवस पर खिलाड़ियों को आनलाइन अवार्ड वितरित किए जा सकते हैं और उसी दिन खिलाड़ियों के नामों की घोषणा भी की जा सकती है।

रिलेटेड पोस्ट्स