इस साल खेल रत्न के लिए मिलेगी कड़ी टक्कर

क्रिकेटर रोहित शर्मा नीरज चोपड़ा और विनेश फोगाट पर भारी
खेलपथ प्रतिनिधि
नई दिल्ली। कोरोना संकट के बीच राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2020 के विजेताओं की घोषणा एक-दो दिन में हो सकती है। इस साल के विजेताओं के चयन के लिए खेल मंत्रालय द्वारा गठित 12 सदस्यीय समिति यहां 17 और 18 अगस्त को बैठक करके विजेताओं को चुनेगी। बैठक यहां भारतीय खेल प्राधिकरण के मुख्यालय में होगी जिसमें सदस्य निजी तौर पर मौजूद रहेंगे।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग, दिग्गज हॉकी खिलाड़ी सरदार सिंह, पैरालंपिक रजत पदक विजेता दीपा मलिक, पूर्व टेबल टेनिस खिलाड़ी मोनालिसा बरुआ मेहता, मुक्केबाज वेंकटेशन देवराजन के अलावा पत्रकार आलोक सिन्हा और नीरू भाटिया भी समिति के सदस्य होंगे जिसकी अगुआई उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति मुकुंदकम शर्मा करेंगे।
इसके अलावा समिति में खेल मंत्रालय का भी प्रतिनिधित्व होगा जिसमें भारतीय खेल प्राधिकरण के महानिदेशक संदीप प्रधान, संयुक्त सचिव (खेल विकास) एलएस सिंह और टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना के सीईओ राजेश राजगोपालन शामिल हैं। द्रोणाचार्य पुरस्कारों के नामांकन पर विचार करते समय अध्यक्ष दो अतिरिक्त सदस्यों को आमंत्रित कर सकता है जो द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता होंगे।
खेल मंत्रालय के सूत्र ने बताया कि अभी फैसला नहीं किया गया है कि 29 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में समारोह होगा या नहीं लेकिन इस साल के पुरस्कार विजेताओं की घोषणा समय पर की जाएगी। पिछले साल की तरह इस साल भी खिलाड़ियों और कोचों के बीच पुरस्कार विजेताओं के चयन के लिए एक ही चयन समिति का गठन किया गया है। राजीव गांधी खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार और ध्यानचंद पुरस्कार सहित राष्ट्रीय खेल पुरस्कार हर साल भारत के राष्ट्रपति द्वारा 29 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में दिया जाता है। यह समारोह महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन के दिन आयोजित होता है।
बता दें कि इस बार राजीव गांधी खेल रत्न, अर्जुन, द्रोणाचार्य और मेजर ध्यानचंद अवॉर्ड के लिए खेल मंत्रालय के पास 500 से ज्यादा आवेदन आए हैं। सबकी नजरें खेल रत्न पर अधिक होंगी, क्योंकि इसके लिए चौथी बार ओलंपिक खेलों को क्रिकेट से चुनौती मिलेगी। 
इस बार खेल रत्न हासिल करने की दौड़ में क्रिकेटर रोहित शर्मा के अलावा पहलवान विनेश फोगाट, निशानेबाज अंजुम मुदगिल, टेबल-टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा, महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल, नीरज चोपड़ा और मुक्केबाज अमित पंघाल शामिल हैं। हालांकि, इनके अलावा भी हिमा दास, अपूर्वी चंदेला, किदांबी श्रीकांत समेत कई बड़े नाम भी देश के सबसे बड़े खेल पुरस्कार की दौड़ में शामिल हैं।
रिलेटेड पोस्ट्स