श्रबणी नंदा ने जमैका रेस में लिया हिस्सा

ओलम्पिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं श्रबणी नंदा 
किंग्स्टन।
शीर्ष धावक श्रबणी नंदा दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ जमैका रेस में भाग लेकर कोविड-19 महामारी के बीच प्रतियोगिता में भाग लेने वाली पहली भारतीय ट्रैक एवं फील्ड एथलीट बन गई हैं। नंदा ने रविवार को जमैका कॉलेज में हुई वेलोसिटी फेस्ट मीट में 100 मीटर रेस में हिस्सा लिया, जिसमें उन्होंने एमवीपी ट्रैक क्लब का प्रतिनिधित्व किया। 
उन्होंने दूसरी हीट में 11.78 सेकेंड का समय निकाला, जिससे वह ओवरआल तीसरे स्थान पर रहीं। नंदा के अलावा वेलोसिटी फेस्ट में दो बार की ओलम्पिक स्प्रिंट चैम्पियन इलेन थॉम्पसन और शैली एन फ्रेजर प्राइस भी भाग ले रही थीं। मौजूदा ओलम्पिक चैम्पियन थॉम्पसन 11.99 सेकेंड के समय से विजेता रहीं। वह एमवीपी ट्रैक क्लब का प्रतिनिधित्व कर रही थीं। पूर्व 100 मीटर विश्व चैम्पियन योहान ब्लेक ने पुरुषों की 200 मीटर रेस 20.62 सेकेंड में जीती। मार्च के बाद से वेलोसिटी फेस्ट जमैका की पहली ट्रैक एवं फील्ड प्रतियोगिता है।
नंदा का 100 मीटर में व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 11.45 सेकेंड और 200 मीटर में 23.07 सेकेंड का है। उन्होंने 2016 ओलम्पिक में हिस्सा लिया था और वह अपनी हीट में छठे स्थान पर रही थीं। वह 2017 एशियाई चैम्पियनशिप में चार गुणा 100 मीटर रिले का कांस्य पदक जीतने वाली चौकड़ी का भी हिस्सा थीं। उन्होंने 2016 दक्षिण एशियाई खेलों में 200 मीटर का स्वर्ण और 100 मीटर में रजत पदक जीता था। बता दें कि भारत में अब तक कोविड-19 के केसों की संख्या 1,192,915 तक पहुंच गई है। इस वायरस से अब तक  रिकॉर्ड 753,050 मरीज ठीक हुए हैं। इस महामारी की वजह से भारत में अब तक 28,732 लोगों की मौत हो चुकी है। 

रिलेटेड पोस्ट्स