दीपिका और अतनु दास की शादी के सिर्फ 60 निमंत्रण कार्ड

कोलकाता। शीर्ष भारतीय तीरंदाज दीपिका कुमारी और अतनु दास की मंगलवार को रांची के मोराबादी में होने वाली शादी के दौरान मास्क, सैनिटाइजर और सख्त सामाजिक सुरक्षा के उपाय किए जाएंगे। शादी के कार्ड में भी कोविड-19 महामारी से जुड़े सरकार के निर्देशों को पालन करने की गुजारिश की गयी है। दीपिका ने कहा कि मेहमानों के आने पर मास्क, सैनिटाइजर दिए जाएंगे। हमने विस्तृत व्यवस्था की है, एक बड़ा बैंक्वेट हॉल बुक किया है ताकि सामाजिक दूरी का पालन ठीक से हो सके।

उन्होंने कहा, ‘हम किसी भी चीज को छुएंगे नहीं। हम खुद को और दूसरों को सुरक्षित रखना चाहते है।’ दीपिका ने कहा कि सिर्फ 60 निमंत्रण कार्ड छपे हैं और मेहमानों को रिसेप्शन में शामिल होने के लिए शाम को दो अलग-अलग समय दिये गये हैं। इस दौरान परिवार के सदस्य घर पर ही रहेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘ हमने मेहमानों के लिए दो अलग-अलग समय तय किये हैं। पहले बैच के 50 लोग शाम 5.30 बजे से सात बजे तक आयेंगे और बाकी के 50 मेहमान इसके बाद आयेंगे। मेहमानों के वहां रहने तक परिवार के लोग घर में रहेंगे।’ भारतीय तीरंदाजी संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के इस समारोह में शामिल होने की संभावना है।

रिलेटेड पोस्ट्स