गोल्फर दीक्षा डागर, राशिद, अदिति के नाम अर्जुन अवार्ड को भेजे

नयी दिल्ली। गोल्फर राशिद खान, अदिति अशोक और दीक्षा डागर के नाम की सिफारिश राष्ट्रीय महासंघ ने इस साल अर्जुन पुरस्कार के लिए की है। राशिद विश्व रैंकिंग में सर्वश्रेष्ठ स्थान पर काबिज भारतीय गोल्फर हैं, जबकि 2016 रियो ओलंपिक में हिस्सा लेने वाली अदिति देश की एकमात्र गोल्फर हैं जो इस समय अमेरिका में लेडीज पीजीए टूर में खेल रही हैं। उन्होंने लेडीज यूरोपीय टूर में 3 जीत हासिल की हैं।
वहीं, दीक्षा ने महिलाओं का साउथ अफ्रीकन ओपन खिताब जीता था और 2017 डेफलिम्पिक्स में रजत पदक जीतने वाली इस गोल्फर का टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करना सुनिश्चित था, लेकिन ये स्थगित हो गये। भारतीय गोल्फ संघ (आईजीयू) ने उनके नाम की सिफारिश की। पेशेवर संस्थाएं- भारतीय पेशेवर गोल्फ टूर (पीजीटीआई) और भारतीय महिला गोल्फ संघ (डब्ल्यूजीएआई) अकसर अपनी सिफारिश किये गये नाम आईजीयू को भेजते हैं। अगर कोरोना महामारी नहीं होती तो इन सभी के टोक्यो ओलंपिक टीम में जगह बनाने की उम्मीद थी।
राशिद 2010 में ग्वांग्झू एशियाई खेलों में एक शॉट से व्यक्तिगत कांस्य पदक से चूक गये थे, लेकिन उन्होंने भारतीय टीम को रजत पदक दिलाने में मदद की। वह एशिया में 10वें स्थान से सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग वाले भारतीय गोल्फर हैं और विश्व रैंकिंग में भी 185वें स्थान से शीर्ष भारतीय हैं। 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस पर पुरस्कार दिए जाएंगे।

रिलेटेड पोस्ट्स