खेल रत्न के लिए नीरज का नाम

नयी दिल्ली। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) ने बुधवार को स्टार भालाफेंक एथलीट नीरज चोपड़ा के नाम की अनुशंसा राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए करने की पुष्टि की। वहीं, अर्जुन पुरस्कार के लिए देश की सबसे तेज धाविका दुती चंद, एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता अर्पिंदर सिंह, मंजीत सिंह और मौजूदा एशियाई चैंपियन पीयू चित्रा के नाम की सिफारिश की गयी है। उप मुख्य कोच राधाकृष्णन नायर के नाम की सिफारिश द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए की गयी है। वहीं, ध्यानचंद पुरस्कार के लिए कुलदीप सिंह भुल्लर और फर्राटा धावक जिन्सी फिलिप के नाम की अनुशंसा की गयी है।
खेल मंत्रालय द्वारा गठित पैनल विभिन्न राष्ट्रीय महासंघों से मिले नामांकन की छंटनी करेगा और 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर इन्हें प्रदान किया जाएगा। एएफआई के अध्यक्ष आदिले सुमरिवाला ने कहा, ‘हमें पूरा भरोसा है कि इस बार नीरज के नाम को मंजूरी मिल जाएगी।’ नीरज चोपड़ा स्थगित हुए टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं। उन्हें 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद उसी साल अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उन्होंने 2018 एशियाई खेलों में भी स्वर्ण पदक जीता था।

रिलेटेड पोस्ट्स