एशियाई खेलों में स्वर्ण दिलाने वाले चुन्नी गोस्वामी का निधन

कोलकाता। एशियाई खेल 1962 की स्वर्ण पदक विजेता टीम के कप्तान रहे भारत के महान पूर्व फुटबाॅलर सुबीमल ‘चुन्नी’ गोस्वामी का बृहस्पतिवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे। अविभाजित बंगाल के किशोरगंज जिले (मौजूदा बांग्लादेश) में जन्में गोस्वामी का असली नाम सुबीमल था, लेकिन उन्हें उनके निकनेम से ही जाना जाता था। उन्होंने भारत के लिए 1956 से 1964 के बीच में 50 अंतर्राष्ट्रीय मैच (जिसमें से 36 आधिकारिक थे) खेले, जिनमें रोम ओलंपिक भी शामिल था।

उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय करियर में 13 गोल दागे। कप्तान के रूप में उन्होंने देश को 1962 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक और इस्राइल में 1964 एशिया कप में रजत पदक दिलाया। यह भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। गोस्वामी बंगाल के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट भी खेले थे। गोस्वामी, पीके बनर्जी और तुलसीदास बलराम भारतीय फुटबाॅल के स्वर्णिम दौर की शानदार फाॅरवर्ड पंक्ति का हिस्सा थे, जब भारत एशिया में फुटबाॅल की महाशक्ति था। गोस्वामी ने 1962 में एशिया के सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइकर का पुरस्कार जीता था। उन्हें 1963 में अर्जुन पुरस्कार और 1983 में पद्मश्री से नवाजा गया।

रिलेटेड पोस्ट्स