राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की प्रक्रिया में देरी, मई में मांगे जाएंगे आवेदन

नई दिल्ली। कोरोना महामारी से निपटने के लिये लगे देशव्यापी लॉकडाउन से इस साल के राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों को चुनने की प्रक्रिया में भी देरी हो गयी है और खेल मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि अगले महीने आवेदन आमंत्रित किये जाएंगे। मंत्रालय आमतौर पर अप्रैल में पुरस्कारों के लिये नामांकन मांगता है, जबकि इन्हें प्रदान करने का समारोह 29 अगस्त को हाकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाये जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर होता है। इस साल महामारी के चलते यह प्रक्रिया अभी तक शुरू नहीं हुई है। खेल मंत्रालय के अधिकारी ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते देरी लाजमी ही थी।
अधिकारी ने कहा कि मंत्रालय ने अभी तक राष्ट्रीय खेल पुरस्कार आवेदनों के लिये सर्कुलर जारी नहीं किया है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि सर्कुलर मई में जारी किया जाएगा। कोरोना के चलते देश में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में सभी खेल गतिविधियां रुक गयी हैं। उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने से देश में सरकारी और राष्ट्रीय खेल महासंघ के कार्यालय घर से ही काम कर रहे हैं, इसलिये देरी लाजमी थी। राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों में राजीव गांधी खेल रत्न, अर्जुन, द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कार शामिल हैं, जिन्हें हर साल राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्वारा दिया जाता है।

रिलेटेड पोस्ट्स