भाजपा से जुड़ीं सायना नेहवाल

भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ज्वॉइन कर ली है। 29 वर्षीय सायना ने बैडमिंटन की दुनिया में काफी नाम कमाया है। उन्होंने 2012 में लंदन ओलंपिक में भारत के लिए ब्रोन्ज मेडल जीता था। 2008 में बीजिंग ओलंपिक से सायना नेहवाल चर्चा में आना शुरू हुई थीं। सायना तब हालांकि मेडल नहीं जीत सकी थीं, लेकिन अपने खेल के दम पर उन्होंने करोड़ों देशवासियों का दिल जीत लिया था। 2008 में ही उन्हें बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन ने सबसे प्रॉमिसिंग प्लेयर ऑफ द ईयर चुना था।
सायना इसके अलावा 2009 में अर्जुन अवॉर्ड, 2010 में पद्म श्री, 2009-10 में राजीव गांधी खेल रत्न और 2016 में पद्म भूषण अवॉर्ड जीत चुकी हैं। सायना ने 2015 वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर, जबकि 2017 वर्ल्ड चैंपियनशिप में ब्रोन्ज मेडल जीता था। कॉमनवेल्थ गेम्स में उनके खाते में तीन गोल्ड (2010 विमेंस सिंगल्स में, 2018 में एक मिक्स्ड टीम में और एक विमेंस सिंगल्स में), एक सिल्वर (2010 में मिक्स्ड टीम ) और एक ब्रोन्ज (2006 में मिक्स्ड टीम में) मेडल दर्ज हैं।
पर्सनल लाइफ
सायना हरवीर सिंह नेहवाल और उषा रानी नेहवाल की बेटी हैं। सायना का जन्म हरियाणा के हिसार में 17 मार्च 1990 को हुआ था। आठ साल की उम्र से सायना ने बैडमिंटन खेलना शुरू कर दिया था। सायना ने 14 दिसंबर 2018 को बैडमिंटन खिलाड़ी पारुपल्ली कश्यप से शादी की थी।

रिलेटेड पोस्ट्स