महिला हॉकी टीम का न्यूजीलैंड दौरा, रानी रामपाल को कमान

खेलपथ प्रतिनिधि

नई दिल्ली।अनुभवी स्ट्राइकर रानी रामपाल भारत की न्यूजीलैंड दौरे पर जाने वाली भारत की 20 सदस्यीय महिला हॉकी टीम का नेतृत्व करेंगी। गोलरक्षक सविता पूनिया टीम की उपकप्तान होंगी। रानी रामपाल के नेतृत्व में ही भारत की महिला हॉकी टीम ने अमेरिका को भुवनेश्वर में हराकर टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वॉलीफाई किया है।

भारत की महिला टीम 25 जनवरी से पांच फरवरी तक न्यूजीलैंड के दौरे पर रहेगी। टोक्यो ओलंपिक की तैयारी के मद्देनजर भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए यह न्यूजीलैंड दौरा खासा अहम है। भारतीय महिला टीम इस न्यूजीलैंड दौरे पर उससे तीन मैच (27 जनवरी, 29 जनवरी, 5 फरवरी), एक मैच उसकी डेवलेपमेंट टीम (25 जनवरी, पहला मैच) से और एक मैच ब्रिटेन (5 फरवरी) के खिलाफ खेलेगी। 
भारत की महिला हॉकी टीम विश्व रैंकिंग में नौंवे नंबर पर है जबकि न्यूजीलैंड की टीम छठे और ब्रिटेन की टीम पांचवें नंबर पर है। भारत की महिला हॉकी टीम के अपने से उंची रैंकिंग की टीम से खेलने से ओलंपिक से अपने खेल को दुरुस्त करने का मौका मिलेगा। भारत की न्यूजीलैंड दौरे पर जाने वाली टीम में भुवनेश्वर में बीते बरस नवंबर में टोक्यो के लिए क्वॉलिफाई करने वाली 18 सदस्यीय टीम की निकी प्रधान को छोड़ कर बाकी सभी 17 को जगह मिली है। न्यूजीलैंड दौरे के लिए निशा, उदिता और सोनिका ने भारत की 20 सदस्यीय महिला टीम में जगह पाई है।
न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत की महिला हॉकी टीम इस प्रकार है-
गोलरक्षक : सविता पूनिया (उपकप्तान) व रजनी इतिमारपू। रक्षापंक्ति : दीप ग्रेस एक्का,गुरजीत कौर, रीना खोखर, सलीमा टेटे, सुशीला चानू। मध्यपंक्ति : निशा, नमिता टोपो, उकदिता, मोनिका, लिलिमा मिंज, नेहा, सोनिका। अग्रिम पंक्ति :रानी रामपाल (कप्तान), शर्मिला देवी, नवनीत कौर, ललरेमसियामी, वंदना कटारिया, नवजोत कौर।

रिलेटेड पोस्ट्स