छह राज्यों की संस्कृति का संगम बना पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर
कुलपति प्रो. आशु रानी ने किया दस दिवसीय शिविर का शुभारंभ
स्वयंसेवकों ने लोकनृत्य और पारंपरिक वेशभूषा से मोहा मन
खेलपथ संवाद
आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय परिसर में शनिवार को दस दिवसीय पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर (मध्य क्षेत्र)-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के क्षेत्रीय निदेशालय, लखनऊ द्वारा विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित इस शिविर का उद्घाटन कुलपति प्रो. आशु रानी ने किया। उद्घाटन समारोह में छह राज्यों से आए स्वयंसेवकों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भारतीय विविधता और राष्ट्रीय एकता की अनूठी छटा बिखेरी।
समारोह में विशेष अतिथि के रूप में बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. पूनम सिंह तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के क्षेत्रीय निदेशक समरदीप सक्सेना उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. बी.एस. शर्मा, एनएसएस पुरस्कार 2021-22 से सम्मानित प्रो. रामवीर सिंह चौहान, विशेष कार्याधिकारी एवं राज्य संपर्क अधिकारी प्रो. मंजू सिंह तथा शिविर समन्वयक डॉ. पूनम तिवारी शामिल रहे।
उद्घाटन समारोह में माननीय राज्यपाल महोदया का जन्मदिवस भी विशेष रूप से मनाया गया। इस अवसर पर मध्य क्षेत्र के छह राज्यों से आए एनएसएस स्वयंसेवकों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने-अपने प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति का परिचय दिया। एक ही मंच पर विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा। प्रस्तुतियों ने 'विविधता में एकता' और राष्ट्रीय एकात्मता का संदेश दिया।
शिविर समन्वयक डॉ. पूनम तिवारी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित यह शिविर 21 से 30 नवंबर तक चलेगा। इसमें मध्य क्षेत्र के छह राज्यों से चयनित एनएसएस स्वयंसेवक हिस्सा ले रहे हैं। शिविर का उद्देश्य युवाओं को गणतंत्र दिवस परेड के लिए तैयार करने के साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रप्रेम और सामूहिकता की भावना विकसित करना है।
दस दिनों के दौरान स्वयंसेवकों को परेड एवं ड्रिल, शारीरिक दक्षता, व्यक्तित्व विकास, सांस्कृतिक गतिविधियों और राष्ट्रीय एकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा उन्हें आगरा की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के लिए शहर भ्रमण भी प्रस्तावित है।
शिविर में विभिन्न राज्यों के युवाओं को अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने के साथ एक-दूसरे की संस्कृति और परंपराओं को समझने का अवसर मिलेगा। शिविर की व्यवस्थाओं में कार्यक्रम समन्वयक डॉ. पूनम तिवारी के नेतृत्व में प्रशिक्षण, आवास, भोजन, परेड और सांस्कृतिक गतिविधियों का सुव्यवस्थित संचालन किया जा रहा है।
शिविर के सफल आयोजन में प्रो. ब्रजेश रावत, युवा अधिकारी राजेश तिवारी, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आनंद प्रताप सिंह, डॉ. रविशंकर सिंह, डॉ. सुरेन्द्र पाल सिंह, डॉ. अविनाश जैन, डॉ. मनोज पांडे, डॉ. के.के. पचौरी, डॉ. शीतल शर्मा, शिव कुमार मिश्रा, अश्वनी, लक्ष्य तथा स्वयंसेवकों शिवम सारस्वत, कादिर, मुस्तकीम, कुरबान एवं अक्षय का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
