अंतरराष्ट्रीय खेल पटल पर चमका ब्राइट स्टॉर स्केटर लक्ष शर्मा

इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के बाद इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज

खेलपथ संवाद

मथुरा। राजीव इंटरनेशनल स्कूल के ब्राइट स्टार स्केटर लक्ष शर्मा ने अपने नाम एक और असाधारण उपलब्धि हासिल कर समूची दुनिया में ब्रज मण्डल का गौरव बढ़ाया है। होनहार लक्ष की असाधारण उपलब्धि को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान मिलने के बाद अब उसका नाम इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज हो गया है। इतनी कम उम्र में यह रिकॉर्ड बनाने वाला लक्ष देश का पहला स्केटर है। लक्ष की इस शानदार सफलता से उसके माता-पिता तथा स्कूल प्रबंधन बेहद खुश है। एक साल की कड़ी मेहनत ने होनहार लक्ष शर्मा को ब्रज का नया सितारा बना दिया।

अब तक दर्जनों गोल्ड मेडल, ट्रॉफियां जीतने वाले लगभग सात साल के लक्ष शर्मा ने 15 फरवरी, 2026 को ऐसा कारनामा अंजाम दिया था जोकि इससे पहले मथुरा ही नहीं देश के किसी बच्चे ने नहीं किया था। लक्ष शर्मा ने वृन्दावन की व्यस्ततम सड़क पर 39 मिनट, 34 सेकेंड तथा 55 मिली सेकेंड में 13.03 किलोमीटर की दूरी तय कर हर किसी की वाहवाही लूटी थी। लक्ष की इस असाधारण उपलब्धि को पहले जहां इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में जगह मिली वहीं अब इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी उसका नाम दर्ज हो गया है। इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज होने पर होनहार लक्ष शर्मा को मेडल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया।

स्कूल के चेयरमैन मनोज अग्रवाल ने लक्ष की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए इसे मथुरा ही नहीं समूचे प्रदेश और देश के लिए असाधारण उपलब्धि बताया। श्री अग्रवाल ने छात्र का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राजीव इंटरनेशनल स्कूल का यह सितारा जिस तरह कामयाबी हासिल कर रहा है, उसे देखते हुए उम्मीद है कि स्केटिंग के खेल में वह एक दिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जरूर जीतेगा। श्री अग्रवाल ने लक्ष को मिठाई खिलाकर उसका उत्साहवर्धन किया तथा उसके माता-पिता को भी इस सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे की सफलता में उसके माता-पिता तथा कोच का अहम योगदान होता।

स्कूल की प्रिंसिपल नंदिता ढींगरा ने लक्ष को बधाई देते हुए कहा कि इस नन्हें स्टार ने अपनी बिजली सी चपलता से इंटरनेशनल स्तर पर जो सफलता हासिल की है, वह अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि लक्ष बेहद प्रतिभाशाली तथा चपल है। उसकी इसी बिजली सी चपलता ने उसे देश-दुनिया में शोहरत दिलाई है। प्रिंसिपल श्रीमती ढींगरा ने बताया कि लक्ष स्केटिंग के साथ-साथ पढ़ाई में भी बेहतर है। यही कारण है कि स्केटिंग इतनी ज्यादा पसंद होने के बावजूद वह इसे केवल दो घंटे ही समय देता है। लक्ष के माता-पिता देवेन्द्र शर्मा और पूनम शर्मा इस सफलता का श्रेय प्रशिक्षक शैलेन्द्र कुमार और राजीव इंटरनेशनल स्कूल के प्रोत्साहन को देते हैं।

उत्तर प्रदेश रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव डी.एस. राठौर तथा कोच शैलेन्द्र कुमार इसे बड़ी उपलब्धि मानते हुए कहते हैं कि लक्ष शर्मा एक दिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर मथुरा ही नहीं देश का गौरव बढ़ाएगा। कोच का कहना है कि वैसे तो मथुरा के कई स्केटरों ने अब तक राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीते हैं लेकिन जो बात लक्ष में है, वह औरों में नहीं है। कोच का कहना है कि लक्ष काफी मेहनती है। उसे जो करने के लिए कहा जाता है, वह मेहनत और लगन से उसे पूरा करता है।

लक्ष शर्मा की उपलब्धियां एक नजर में

राजकीय औद्योगिक कृषि प्रदर्शनी अलीगढ़ स्पीड स्केटिंग प्रतियोगता- फरवरी 2025 स्वर्ण पदक- 6 वर्ष से कम आयु वर्ग, 5वीं अंतर विद्यालय जिला मथुरा रोलर स्केटिंग चैम्पियनशिप 2025-26 स्वर्ण पदक- 6 वर्ष से कम आयु वर्ग, छठी उत्तर प्रदेश ओपन राज्य रोलर स्केटिंग चैम्पियनशिप - 2025, लखनऊ कांस्य पदक- 8 वर्ष से कम आयु वर्ग, आरजीओआई तीसरी ओपन जिला रोलर स्केटिंग चैम्पियनशिप 2025-26, गाजियाबाद स्वर्ण पदक - 6 वर्ष से कम आयु वर्ग, स्वर्ण पदक- 8 वर्ष से कम आयु वर्ग, छठी जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) रोलर स्केटिंग चैम्पियनशिप 2025-26 स्वर्ण पदक- 7 वर्ष से कम आयु वर्ग, सीबीएसई उत्तर जोन-I क्लस्टर XIX रोलर स्केटिंग टूर्नामेंट 2025- कांस्य पदक - 9 वर्ष से कम आयु वर्ग, तीसरी आरजीओआई उत्तर प्रदेश राज्य रोलर स्केटिंग चैम्पियनशिप 2025-26, गाजियाबाद- स्वर्ण पदक- 7 वर्ष से कम आयु वर्ग, 13वीं आरजीओआई राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग चैम्पियनशिप 2025-26 पुणे- स्वर्ण पदक- लघु दौड़- 7 वर्ष से कम आयु वर्ग- स्वर्ण पदक- दीर्घ दौड़- 7 वर्ष से कम आयु वर्ग। प्रथम ओपन आगरा जोनल रोलर स्केटिंग चैम्पियनशिप 2026- स्वर्ण पदक- 6-8 वर्ग, तृतीय उत्तर प्रदेश राज्य रैंकिंग रोलर स्केटिंग चैम्पियनशिप 2026- स्वर्ण पदक - 200 मीटर- 6-8 वर्ग, स्वर्ण पदक- 400 मीटर- 6-8 वर्ग, स्वर्ण पदक- 600 मीटर- 6-8 वर्ग। 7वीं ओपन डिस्ट्रिक्ट रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप मथुरा 2026- गोल्ड मेडल।  

इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स

इनलाइन स्केट पर अधिकतम दूरी तय करने का रिकॉर्ड उत्तर प्रदेश के मथुरा निवासी लक्ष शर्मा (जन्म 21 मार्च, 2019) ने बनाया। 6 साल, 10 महीने और 29 दिन की उम्र में, 19 फरवरी, 2026 को एक बच्चे ने व्यस्त सड़क पर इनलाइन स्केट पर 13.03 किलोमीटर की दूरी 39 मिनट, 34 सेकंड और 55 मिलीसेकंड में तय की (टाइमर के अनुसार)।

इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स

एक बच्चे द्वारा रोलर स्केट पर तय की गई अधिकतम दूरी का विश्व रिकॉर्ड 15 फरवरी, 2026 को उत्तर प्रदेश, भारत के मथुरा के रहने वाले लक्ष्य शर्मा ने बनाया। 6 साल, 10 महीने और 25 दिन के लक्ष्य शर्मा ने रोलर स्केट पर 13.03 किलोमीटर की दूरी तय करके इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है।

रिलेटेड पोस्ट्स