बृजभूषण शरण सिंह ने वृंदावन में कहा- मेरे खिलाफ बहुत बड़ा षड्यंत्र रचा गया था

संत रितेश्वर महाराज से लिया आशीर्वाद, मंत्रोच्चार कर किया शिवाभिषेक

खेलपथ संवाद

मथुरा। उत्तर प्रदेश के कैसरगंज से पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह मंगलवार को मथुरा के वृंदावन पहुंचे और वहां उन्होंने अपने गुरु संत रितेश्वर महाराज का आशीर्वाद लिया। बृजभूषण शरण सिंह के आश्रम पहुंचने पर उनका आश्रम के सेवादारों ने तिलक लगाकर और माला पहनाकर स्वागत किया।

सोमवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने बृजभूषण शरण सिंह को बरी कर दिया था, जिसके बाद वे मथुरा पहुंचे। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने सिर्फ इतना ही कहा कि उनके खिलाफ एक बड़ी साजिश की गयी थी। काफिले के साथ आरोपों से बरी होने के बाद घर जाने से पहले पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह वृंदावन के वाराह घाट इलाके में स्थित संत रितेश्वर महाराज के आश्रम आनंद लाड़ली धाम पहुंचे। यहां बृजभूषण शरण सिंह ने संत रितेश्वर महाराज के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया।

सांसद बृजभूषण शरण सिंह और संत रितेश्वर महाराज के बीच करीब आधा घंटे तक एकांत वार्तालाप हुई। संत रितेश्वर महाराज से मुलाकात के बाद पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह उनके साथ आश्रम में ही स्थित शिव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने मंत्रों के बीच भगवान शिव का अभिषेक किया। पूजा-अर्चना करने के बाद मीडिया से मुखातिब हुए पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह ने कहा कि उन्होंने जजमेंट से पहले भी संत रितेश्वर महाराज के दर्शन नागपुर में जाकर किए थे।

अब जजमेंट के बाद घर जाने से पहले महाराज जी के दर्शन करने आया हूं। न्यायपालिका ने जो आरोप मेरे थे वह खारिज किए उसके बाद ससम्मान बरी किया। विनेश फोगाट के हाईकोर्ट जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह उनका अधिकार है। इस दौरान उन्होंने अन्य किसी सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया।

इससे पहले राजनीति में वापस सक्रियता निभाने पर उन्होंने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास जी की चौपाई है 'होई वही जो राम रच राखा'। पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह से जब सवाल किया गया कि किसने साजिश रची तो उन्होंने इस सवाल का जवाब देते हुए कहा कि इस प्रकरण में इतना बड़ा प्रदर्शन मेरे खिलाफ हुआ उतना बड़ा प्रदर्शन दुनिया में कहीं नहीं हुआ।

बृजभूषण बोले, आरोप लगाने वाले ओलम्पिक मेडलिस्ट थे, इनके पीछे कांग्रेस खड़ी थी, इनके पीछे आम आदमी पार्टी, ममता, लेफ्ट, राइट, टुकड़ा टुकड़ा गैंग खड़ा था। इनके पीछे कनाडा, यूएस में आंदोलन हुआ था। ये एक बहुत बड़ा षडयंत्र था, उन्होंने कहा कि मैंने पहले दिन कहा था कि अगर एक भी बात सत्य पाई गई तो में स्वतः फांसी पर चढ़ जाऊंगा।

गोंडा में 6 अगस्त को एक 'सत्यमेव जयते' रैली

दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा महिला पहलवानों के मामले में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को बरी किए जाने के बाद, उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं द्वारा उत्तर प्रदेश के गोंडा में 6 अगस्त को एक 'सत्यमेव जयते' रैली और जश्न का आयोजन किया जा रहा है। अदालत ने सबूतों के अभाव में बृजभूषण शरण सिंह और विनोद तोमर को सभी आरोपों से मुक्त कर दिया, इसे समर्थकों ने "सत्य की जीत" बताया है।

रिलेटेड पोस्ट्स