आरसीबी के गेंदबाजों भुवी-जोश ने उड़ाए दिल्ली के होश

विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने दिलाई बेजोड़ जीत

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। भुवनेश्वर कुमार (तीन ओवर में पांच रन पर तीन विकेट) और जोश हेजलवुड (3.3 ओवर में 12 रन पर चार विकेट) की कमाल की गेंदबाजी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल टी20 मैच में आज यहां दिल्ली कैपिटल्स को 81 गेंद शेष रहते 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। कैपिटल्स की पारी को 16.3 ओवर में 75 रन पर समेटने के बाद आरसीबी ने देवदत्त पडिक्कल (13 गेंद में नाबाद 34 रन) और विराट कोहली (15 गेंद में नाबाद 23 रन) की आक्रामक बल्लेबाजी से 6.3 ओवर में एक विकेट पर 77 रन बनाकर जीत दर्ज की।

टीम ने आठ मैचों में यह छठी जीत दर्ज कर तालिका में दूसरे स्थान पर अपनी स्थिति और मजबूत की, जबकि दिल्ली की यह आठ मैचों में पांचवीं हार है। आरसीबी ने इसके साथ ही आईपीएल इतिहास में गेंद के हिसाब से दूसरा सबसे तेज लक्ष्य हासिल कर मौजूदा सत्र में 18 अप्रैल को कैपिटल्स से मिली हार का बदला भी चुकता कर लिया। पिछले मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ दो विकेट पर 264 रन के साथ अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाली कैपिटल्स टीम का यह आईपीएल में तीसरा सबसे कम स्कोर है।

टीम के लिए अभिषेक पोरेल ने सबसे ज्यादा 30 रन का योगदान दिया। उनके अलावा डेविड मिलर (19) और काइल जैमीसन (12) ही दहाई के आंकड़े में रन बना सके। हेजलवुड और भुवनेश्वर की टेस्ट मैच जैसी ऑफ स्टम्प के बाहर स्विंग होती गेंदों का कैपिटल्स के बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं था। टीम ने शुरुआती तीन ओवर में नौ रन तक छह विकेट गंवा दिए।

पावरप्ले के बाद कैपिटल्स का स्कोर छह विकेट पर 13 रन था। यह आईपीएल में पावरप्ले का सबसे कम स्कोर है। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स ने 2009 में आरसीबी के खिलाफ दो विकेट पर 14 रन बनाए थे। सुयश शर्मा ने चार ओवर में सिर्फ सात रन देकर एक सफलता हासिल की। रसिख सलाम और कृणाल पंड्या को भी एक-एक सफलता मिली।

रिलेटेड पोस्ट्स