जींद में होगी हरियाणा स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप

29 और 30 को दिखेगा कौशल22 अप्रैल तक होंगे पंजीयन

खेलपथ संवाद

पानीपत। एथलेटिक्स हरियाणा की ओर से हरियाणा स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप का आयोजन 29 और 30 अप्रैल को जींद के नरवाला स्थित स्टेडियम में किया जाएगा। जिले से लगभग 100 एथलीट इसमें भाग लेंगे। इसके लिए एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर पंजीयन कराना होगा। यह पंजीकरण नौ से 22 अप्रैल तक किया जाएगा।

यह जानकारी एथलेटिक्स हरियाणा के अध्यक्ष दिलबाग सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि आठवीं हरियाणा राज्य सीनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप नवदीप स्टेडियम जींद में आयोजित की जाएगी। इसके बाद भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) की ओर से 22 से 25 मई को तीन दिवसीय 29वीं नेशनल फेडरेशन कप सीनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप का आयोजन रांची झारखंड में किया जाएगा। चैम्पियनशिप में 16 आयु वर्ग से कम आयु वर्ग के एथलीट खिलाड़ी हरियाणा राज्य सीनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में भाग नहीं ले सकते हैं और 18 साल आयु के एथलीट खिलाड़ी केवल दो ट्रैक इवेंट में भाग ले सकते हैं।

इनमें से केवल एक इवेंट 200 मीटर से ज्यादा हो सकता है। एथलेटिक्स हरियाणा के महासचिव प्रदीप मलिक ने बताया कि 8वीं हरियाणा राज्य सीनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में 100, 200, 400, 800, 1500, पांच हजार व 10 हजार मीटर की दौड़ कराई जाएगी। इनके साथ 100 मीटर हर्डल, 110 व 400 मीटर हर्डल इवेंट कराया जाएगा। तीन हजार मीटर स्टेपल चेज इवेंट, ऊंची कूद, लम्बी कूद, ट्रिपल जम्प और पोलवाल्ट, शॉटपुट, डिस्कस, हैमर और जेवलिन थ्रो, हैप्टाथलान इवेंट और डैक्थलान इवेंट का आयोजन किया जाएगा।

रिलेटेड पोस्ट्स