भारत को मिली विश्व इंडोर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप की मेजबानी

2028 में भुवनेश्वर में होगा आयोजन, विश्व इंडोर एथलेटिक्स काउंसिल की हरी झंडी

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। भारत को विश्व इंडोर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप की मेजबानी मिली है। इसका आयोजन साल 2028 में भुवनेश्वर में होगा। यह फैसला गुरुवार को पोलैंड के टोरून में हुई विश्व इंडोर एथलेटिक्स काउंसिल की बैठक में लिया गया। विश्व एथलेटिक्स के उपाध्यक्ष आदिल सुमरीवाला ने  बताया, 'भारत को साल 2028 के लिए विश्व इंडोर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप की मेजबानी सौंपी गई है।'

एएफआई ने इसी साल की शुरुआत में विश्व इंडोर चैम्पियनशिप के लिए अपनी दावेदारी पेश की थी। जनवरी में विश्व एथलेटिक्स की दो-सदस्यीय टीम ने भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में बनी अत्याधुनिक इंडोर सुविधा का दौरा किया था। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने बताया है कि साल 2028 में होने वाली विश्व एथलेटिक्स इंडोर चैम्पियनशिप की मेजबानी भारत करेगा। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर जानकारी देते हुए बताया कि यह चैम्पियनशिप का आयोजन ओडिशा के भुवनेश्वर में किया जाएगा।

खेल मंत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'पूरी दुनिया भारत आ रही है। यह जानकर बहुत खुशी हुई कि ओडिशा का भुवनेश्वर शहर 2028 वर्ल्ड एथलेटिक्स इंडोर चैम्पियनशिप की मेजबानी करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत न केवल वैश्विक मंच पर अपने पदकों की संख्या बढ़ा रहा है, बल्कि बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में भी उभर रहा है।'

रिलेटेड पोस्ट्स