पारितोषिक वितरण के साथ जीएल बजाज में तूनव फेस्ट का समापन

छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों में दिखी “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की तस्वीर

मथुरा। जी.एल. बजाज ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस मथुरा की युवा तरुणाई के लिए शनिवार शाम उत्साह और उमंग का पैगाम लेकर आई। दो दिवसीय तूनव फेस्ट की सांस्कृतिक गतिविधियों में जहां एक भारत, श्रेष्ठ भारत की झलक देखने को मिली वहीं छात्र-छात्राओं ने खेलों में गजब का दमखम दिखाया। तूनव फेस्ट का समापन मुख्य अतिथि राजीव इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्या प्रिया मदान द्वारा लगभग 65 प्रतियोगिताओं के विजेता तथा उप-विजेता छात्र-छात्राओं को करतल ध्वनि के बीच मेडल, प्रशस्ति-पत्र तथा ट्रॉफी प्रदान कर किया गया।

प्राचार्या प्रिया मदान ने छात्र-छात्राओं का आह्वान किया कि खूब पढ़ें तथा खेल सहित अन्य गतिविधियों में भी हिस्सा लें ताकि सम्पूर्ण व्यक्तित्व का विकास हो सके। प्रतियोगिता के दूसरे दिन का मुख्य आकर्षण फैशन शो रहा, जिसमें सम्पूर्ण देश की सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिली। प्रतिभागियों ने हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, केरल, कश्मीर, राजस्थान आदि राज्यों सहित ग्रामीण भारत की पारम्परिक वेशभूषा और संस्कृति को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इस वेशभूषा प्रतियोगिता में “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को विविध रूपों में अभिव्यक्त किया गया।

दो दिवसीय तूनव फेस्ट की सांस्कृतिक गतिविधियों में काव्या गोयल ने डिबेट, लक्षिका शर्मा ने एकल नृत्य, काव्या सक्सेना और अनुष्का श्रीवास्तव ने युगल नृत्य तथा तनिष्का एंड साक्षी ग्रुप ने समूह नृत्य में प्रथम स्थान हासिल किया। स्किल इट मैनेजमेंट गेम में तनु एण्ड ग्रुप, एड्स विला में रितु वार्ष्णेय तथा रोबो रेस में शिवांश चौहान और आदर्श यादव के टार्जन ने बाजी मारी। मंडला आर्ट में नेहा कुमारी तो कैनवास पेंटिंग में कोमल राजपूत ने प्रथम स्थान हासिल किया।

स्पोर्ट्स ऑफिसर लोकेश शर्मा के मार्गदर्शन में हुए विभिन्न खेलों में छात्र-छात्राओं ने कमाल का प्रदर्शन किया। शतरंज में शिवा गौतम और प्रांजल ने विजेता होने का गौरव हासिल किया तो कैरम में स्वयं तिवारी और शालिनी ने बाजी मारी। टेबल टेनिस में गौरव सिंह और काव्या गोयल का जलवा रहा। रस्साकशी में कुणाल और शालिनी चौधरी की टीमों ने जीत का परचम फहराया।

तूनव फेस्ट के समापन अवसर पर संस्थान की निदेशक प्रो. नीता अवस्थी ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक, मानसिक, सामाजिक, नैतिक तथा सांस्कृतिक विकास के लिए खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां बहुत जरूरी हैं। खेलों के माध्यम से हम सभी स्वस्थ जीवन जी सकते हैं। खेल सद्भाव का सूचक होते हैं। उन्होंने कहा कि जी.एल. बजाज ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस शिक्षा ही नहीं सामाजिक सरोकारों से भी वास्ता रखता है। छात्र-छात्राएं पढ़ाई के साथ खेलों और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी अपना कौशल दिखाएं इसीलिए प्रतिवर्ष तूनव फेस्ट का आयोजन किया जाता है।

प्रो. अवस्थी ने मुख्य अतिथि प्रिया मदान का स्मृति चिह्न भेंटकर बहुमूल्य समय देने के लिए आभार माना। तूनव फेस्ट का समापन संस्थान के वार ऑफ बैंड के मधुर संगीत के साथ हुआ। दो दिवसीय आयोजन की सफलता में प्रो. वीके सिंह, प्रो. संजीव सिंह,  प्रो. भोले सिंह, प्रो. अजय उपाध्याय, डॉ. शशि शेखर, डॉ. उदयवीर सिंह, इंजीनियर प्रमोद कुमार, डॉ. तनुश्री गुप्ता, इंजीनियर रिचा मिश्रा, स्तुति गौतम, इंजीनियर अंकित गोयल, इंजीनियर दुष्यंत चौहान, इंजीनियर अंकित पचौरी, आशीष कुमार दीक्षित, स्पोर्ट्स ऑफिसर लोकेश शर्मा आदि का सराहनीय योगदान रहा। अंत में तूनव फेस्ट की समन्वयक डॉ. शताक्षी मिश्रा ने सभी का आभार माना।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

रिलेटेड पोस्ट्स