रामपुर की बेटी उजाला ने एशियन क्रॉस कंट्री में जीता ब्रॉन्ज मेडल

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाने से हर कोई खुश

खेलपथ संवाद

रामपुर। उत्तर प्रदेश की बेटी उजाला ने एक बार फिर अपने शहर रामपुर और देश का नाम खेलों में अंतरराष्ट्रीय खेल पटल पर चमकाया है। जापान के फुकोका शहर में 21 फरवरी को हुई एशियन क्रॉस कंट्री चैम्पियनशिप में उजाला ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर राष्ट्र का गौरव बढ़ाया। इस प्रतियोगिता में एशिया महाद्वीप के सभी देशों के लगभग एक हजार खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता का आयोजन वर्ल्ड एथलेटिक्स के बैनर तले जापान में हुआ। जांबाज उजाला रामपुर के गांव किशनपुर अटारिया के किसान भगवानदास की बेटी हैं तथा खेल के साथ वह वर्तमान में उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत हैं। खेतों की पगडंडी और कच्चे रास्तों से होते हुए आज उजाला के दौड़ने का सफर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी और अपने शहर रामपुर की एक अलग पहचान बना रहा है।

उजाला ने खेलों की शुरुआत बमनपुरी स्टेडियम रामपुर में एथलेटिक्स कोच रणदीप सिंह के सान्निध्य में की थी। उजाला रामपुर की पहली महिला एथलीट हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीता है। उजाला ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने कोच रणदीप सिंह तथा अपने पुलिस विभाग के अधिकारियों को दिया है। उजाला ने कहा कि "मैं अपनी इस जीत से काफी खुश हूँ इसके लिए मैंने अपने कोच साहब के दिशा-निर्देशन में काफी मेहनत की और विभागीय अधिकारियों का भी पूरा सहयोग रहा है। भगवान जी की कृपा से मैं फिट रही और अच्छा किया आगे ओर भी मेहनत करनी है और अच्छा प्रदर्शन करना है।"

उजाला की इस जीत पर सभी खेलप्रेमियों में खुशी की लहर है। रामपुर एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव फरहत अली खान ने कहा कि यह जीत रामपुर में नए खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का काम करेगी। जिला क्रीड़ा अधिकारी संतोष कुमार, फहीम अली, मोहम्मद जिशान आदि ने उजाला की इस जीत पर उसे बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामनाएं की हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स