पथुम निसांका ने जड़ा मौजूदा विश्व कप का पहला शतक

टी-20 विश्व कपः  ऑस्ट्रेलिया के लिए कठिन हुई सुपर-8 की राह

खेलपथ संवाद

पल्लेकेले। पथुम निसांका की तूफानी शतकीय पारी से श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को आठ विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ मेजबान श्रीलंका ने सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर लिया। श्रीलंका से मिली करारी शिकस्त के बाद अब कंगारुओं का टी-20 विश्व कप के सुपर-8 में पहुंचना मुश्किल नजर आ रहा है।

सोमवार को टी20 विश्व कप 2026 का 30वां मुकाबला पल्लेकेले में खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने मिचेल मार्श और ट्रेविस हैड की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में 10 विकेट पर 181 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ने 18 ओवर में दो विकेट पर 184 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

इस हार के साथ ऑस्ट्रेलिया की राहें कठिन हो गई हैं। अब उन पर टी20 विश्व कप में सुपर-8 की दौड़ से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। दरअसल, मिचेल मार्श की अगुवाई वाली टीम लगातार दो मैचों में हार के साथ ग्रुप बी की अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है जबकि जिम्बाब्वे चार अंक और 1.984 के नेट रन रेट के साथ दूसरे पायदान पर है। मंगलवार को जिम्बाब्वे का सामना आयरलैंड से होगा। अगर यह मैच जिम्बाब्वे जीत लेती है तो सुपर-8 में पहुंच जाएगी और ऑस्ट्रेलिया का सफर इस टूर्नामेंट में समाप्त हो जाएगा। ऑस्ट्रेलिया को अपना आखिरी मुकाबला ओमान से खेलना है वहीं, श्रीलंका शीर्ष स्थान पर है। उसके खाते में छह अंक और 2.462 नेट रन रेट है।

ऑस्ट्रेलिया ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए धमाकेदार शुरुआत की, लेकिन अंत में पूरी टीम 181 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान मिचेल मार्श और सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हैड ने तूफानी अंदाज में रन बटोरे। दोनों ने पहले विकेट के लिए नौ ओवर से भी कम समय में 104 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। मार्श ने चोट से वापसी करते हुए 27 गेंदों पर 54 रन बनाए, जिसमें कई चौके-छक्के शामिल थे। वहीं हैड ने 29 गेंदों में 56 रनों की विस्फोटक पारी खेली। पावरप्ले में ऑस्ट्रेलिया ने बिना विकेट खोए 70 रन बना लिए थे और ऐसा लग रहा था कि टीम 200 के पार जाएगी। लेकिन इसके बाद श्रीलंकाई गेंदबाजों ने शानदार वापसी की।

इस मुकाबले में लेग स्पिनर दुशान हेमंता ने 4 ओवर में 37 रन देकर 3 विकेट चटकाए। 104 रन पर बिना नुकसान के खेल रही ऑस्ट्रेलियाई टीम 130 रन तक पहुंचते-पहुंचते चार विकेट गंवा बैठी। आखिरी ओवरों में नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और अंतिम चार विकेट सिर्फ छह रन के भीतर गिर गए। नतीजतन, मजबूत शुरुआत के बावजूद ऑस्ट्रेलिया 181 रन पर ऑलआउट हो गई। श्रीलंकाई टीम ने 182 रनों के रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करते हुए 18 ओवर में ही आठ विकेट से शानदार जीत दर्ज की।

सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका ने मैच को एकतरफा बना दिया। उन्होंने 52 गेंदों में नाबाद 100 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 5 छक्के शामिल थे। हालांकि श्रीलंका को शुरुआत में झटका लगा जब कुसल परेरा जल्दी आउट हो गए। इसके बाद निसांका और कुसल मेंडिस ने दूसरे विकेट के लिए 97 रन जोड़कर मैच पर पकड़ मजबूत कर ली। मेंडिस ने 38 गेंदों में 51 रन बनाए। मध्य ओवरों में ऑस्ट्रेलिया के लिए मार्कस स्टोइनिस ने एक विकेट जरूर लिया, लेकिन तब तक मुकाबला श्रीलंका की पकड़ में आ चुका था। अंत में निसांका ने जिम्मेदारी संभाले रखी और पवन रत्नायके (15 गेंदों पर नाबाद 28) के साथ मिलकर टीम को आसान जीत दिला दी। इस जीत के साथ श्रीलंका ने सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली, जबकि ऑस्ट्रेलिया की राह अब बेहद कठिन हो गई है।

रिलेटेड पोस्ट्स