सोहैल खान ने विश्व मंच पर फहराया अपने दमखम का परचम

कूडो वर्ल्ड कप में जीता ऐतिहासिक रजत पदक, बढ़ाया देश का गौरव

अक्षय कुमार, डिम्पल कपाड़िया, जैकी श्रॉफ के हाथों सम्मानित

खेलपथ संवाद

सागर (मध्य प्रदेश)। भारत के विख्यात मार्शल आर्ट्स खिलाड़ी और मध्य प्रदेश के गौरव  सोहैल खान, जिन्हें पूरे देश में “गोल्डन बॉय ऑफ एमपी” के नाम से जाना जाता है, ने एक बार फिर राष्ट्र का मान बढ़ाया है। गोल्डन बॉय सोहैल ने बुल्गारिया में आयोजित कूडो वर्ल्ड कप 2025, में ऐतिहासिक रजत पदक  जीतकर भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया। सोहैल खान फिलवक्त स्पोर्ट्स कोटा के तहत आयकर विभाग में इंस्पेक्टर पद पर कार्यरत हैं।

इस असाधारण उपलब्धि के लिए बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार, दिग्गज अभिनेत्री डिम्पल कपाड़िया और अभिनेता जैकी श्रॉफ ने सोहैल खान और उनके कोच डॉ. मोहम्मद एजाज़ खान का विशेष समारोह में सम्मान किया। यह सम्मान समारोह भारतीय कूडो के उत्कृष्ट प्रदर्शन और खिलाड़ियों की मेहनत को समर्पित था।

इस अवसर पर अक्षय कुमार, जो लम्बे समय से भारत में मार्शल आर्ट्स और कूडो को बढ़ावा देते आ रहे हैं, ने सोहैल खान की लगन, अनुशासन और देश के लिए समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि “सोहैल जैसे खिलाड़ी भारत के उन युवाओं के लिए प्रेरणा हैं, जो यह विश्वास रखते हैं कि मेहनत और दृढ़ निश्चय से हर बाधा पार की जा सकती है।” इस समारोह में डॉ. मोहम्मद एजाज़ खान को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने सोहैल के मार्गदर्शक और व्यक्तिगत कोच के रूप में वर्षों तक उनका प्रशिक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन किया है।

प्रशिक्षक डॉ. खान ने कहा कि सोहैल की यात्रा इस बात का प्रमाण है कि जब मेहनत, विनम्रता और विश्वास साथ हों, तो छोटे शहरों की प्रतिभा भी विश्व मंच तक पहुँच सकती है। समारोह के बाद सोहैल खान ने देशभर के युवाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह मायने नहीं रखता कि आप कहाँ से आते हैं, मायने यह रखता है कि आप कहाँ तक पहुँचते हैं। चाहे आप किसी गाँव या मेरे जैसे छोटे शहर सागर से हों, बस अपने लक्ष्य को पहचानिए, मेहनत कीजिए, निरंतरता बनाए रखिए और विनम्र रहिए। सोहैल का यह संदेश पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है, जो यह दर्शाता है कि जुनून और समर्पण किसी भी सीमा को पार कर सकता है।

एशियन कूडो चैम्पियनशिप 2025  में सम्मानजनक प्रदर्शन

वर्ल्ड कप में सफलता के बाद सोहैल खान ने भारत का प्रतिनिधित्व एशियन कूडो चैम्पियनशिप 2025 में किया, जो 1 से 5 नवंबर 2025 तक टोक्यो, जापान में आयोजित हुई। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया, जहाँ उन्हें जापान से 1–0 के करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। उनके प्रदर्शन को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सराहा गया और भारत की बढ़ती ताकत को एक बार फिर प्रमाणित किया गया।

सोहैल खान की प्रमुख उपलब्धियाँ-  विश्व चैम्पियन – 2017 (कूडो वर्ल्ड कप), ऐतिहासिक रजत पदक – कूडो वर्ल्ड कप 2025 (सीनियर कैटेगरी, बुल्गारिया), छह बार अंतरराष्ट्रीय गोल्ड मेडल विजेता,  22 बार राष्ट्रीय गोल्ड मेडलिस्ट (KIF Ranked),  कूडो में अंतरराष्ट्रीय पदक जीतने वाले पहले भारतीय (ब्रॉन्ज – यूरेशियन कप, आर्मेनिया), विश्व रैंकिंग 12 एवं एशियाई रैंकिंग 2 (–250 किग्रा कैटेगरी) — भारत की सर्वोच्च रैंकिंग,  बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट – नेशनल कूडो चैम्पियनशिप। प्रतिनिधित्व सीनियर कूडो वर्ल्ड चैम्पियनशिप 2023 और एशियन चैम्पियनशिप 2025 (टोक्यो, जापान).

नई पीढ़ी को सशक्त बनाना एकमात्र लक्ष्य

सागर (मध्य प्रदेश) से लेकर विश्व कूडो मंच तक सोहैल खान की यात्रा समर्पण और विनम्रता का प्रतीक है। अपने कोच डॉ. मोहम्मद एजाज़ खान के मार्गदर्शन और हन्शी मेहुल वोरा, संस्थापक एवं हेड कोच  कूडो इंडिया, के नेतृत्व में सोहैल देश के युवाओं को प्रेरित और सशक्त बना रहे हैं। उनकी कहानी इस बात का जीवंत उदाहरण है कि सपनों की कोई सीमा नहीं होती।  विश्वास, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है।

रिलेटेड पोस्ट्स