विश्व कप के लिए भारतीय महिला जूनियर हॉकी टीम घोषित

झांसी के सीपरी बाजार की ज्योति सिंह को मिली कप्तानी

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। एफआईएच महिला जूनियर हॉकी विश्व कप 2025 का आयोजन 25 नवम्बर से 13 दिसम्बर तक चिली के सैंटियागो में होगा। इस टूर्नामेंट के लिए हॉकी इंडिया ने 18 मुख्य और 2 वैकल्पिक खिलाड़ियों सहित 20 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा की है। टीम में युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगी। यह टूर्नामेंट भारतीय टीम के लिए अनुभव और भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं की तैयारी का अवसर साबित होगा। सीपरी बाजार झांसी की खिलाड़ी ज्योति सिंह को टीम का कप्तान बनाया गया है।

भारतीय टीम की होनहार खिलाड़ी ज्योति सिंह को कप्तानी सौंपी गई है, जबकि निधि और एंगिल हर्षा रानी मिंज गोलकीपिंग का जिम्मा संभालेंगी। टीम अपनी कड़ी तैयारियों को परखने और विश्व मंच पर अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश करेगी। भारतीय टीम को जर्मनी, आयरलैंड और नामीबिया के साथ पूल-सी में रखा गया है। भारत 1 दिसम्बर को नामीबिया के खिलाफ मुकाबले के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेगा, जिसके बाद 3 दिसम्बर को जर्मनी और 5 दिसम्बर को आयरलैंड के खिलाफ मुकाबला खेला जाएगा। प्रत्येक पूल से शीर्ष टीमें नॉकआउट चरणों में आगे बढ़ेंगी, जो 7 से 13 दिसम्बर तक खेले जाएंगे।

टीम चयन को लेकर भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम के हेड कोच तुषार खांडेकर ने कहा, “मैं भारतीय टीम और इस समय उनके खेलने के तरीके से बहुत खुश हूं। हॉकी में अनुशासन मेरा मुख्य सिद्धांत है। टीम को बनाते समय मैंने इसी को ध्यान में रखा है। हम कड़े प्रशिक्षण से गुजरे हैं।”

उन्होंने कहा, “हमने अपने रक्षात्मक ढांचे और प्रतिद्वंद्वी के स्कोरिंग क्षेत्र में फिनिशिंग पर कड़ी मेहनत की है। पिछले कुछ महीनों में लड़कियों ने अपने खेल में काफी सुधार और परिपक्वता दिखाई है। हम सभी चिली जाने के लिए तैयार और बहुत उत्साहित हैं। लड़कियां विश्व कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह से प्रेरित हैं।”

ज्योति सिंह जूनियर एशिया कप में भी रह चुकी हैं कप्तान

मसीहागंज निवासी धीरज सिंह परिहार ने बताया कि ज्योति ने 2024 में मस्कट में जूनियर एशिया कप 2024 में खेलकर टीम को गोल्ड मेडल दिलाया था। इसके अलावा नेशनल हॉकी खेलने के बाद वह हॉकी कैंप में शामिल होकर उसकी सदस्य चुनी गईं। इसके अलावा, उन्होंने 15 सीनियर इंडिया मैच और 2024 में हॉकी इंडिया लीग मैच में शानदार प्रदर्शन किया। इस साल भी उनका हॉकी इंडिया लीग के लिए चयन हुआ है।

एफआईएच महिला जूनियर हॉकी विश्व कप 2025 के लिए भारतीय टीमः गोलकीपर: निधि और एंगिल हर्षा रानी मिंज। डिफेंडर: मनीषा, लालथनलुआलांगी, साक्षी शुक्ला, पूजा साहू, नंदिनी। मिडफील्डर: साक्षी राणा, इशिका, सुनीता टोप्पो, ज्योति सिंह, खैदेम शिलेइमा चानू, बिनिमा धन। फॉरवर्ड: सोनम, पूर्णिमा यादव, कनिका सिवाच, हिना बानो, सुखवीर कौर। वैकल्पिक खिलाड़ी: प्रियंका यादव, पार्वती टोपनो।

रिलेटेड पोस्ट्स