निशानेबाज इलावेनिल वलारिवान का शानदार प्रदर्शन

भारतीय महिला शूटर ने 10 मीटर एयर राइफल में जीता कांस्य

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। भारतीय महिला निशानेबाज इलावेनिल वलारिवान ने आईएसएसएफ विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। वलारिवान एक समय फाइनल में शीर्ष पर थीं, लेकिन अंत में उन्हें कांस्य से संतोष करना पड़ा।

इलावेनिल ने 231.2 अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। चीन की 18 साल की वैंग झिफेई ने 252.7 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि कोरिया की क्वोन युनजी ने 252.6 अंक के साथ रजत पदक अपने नाम किया। इलावेनिल ने फाइनल में 10.7 अंक के साथ शुरुआत की और फिर अपने अगले प्रयास में 10.8 अंक जुटाए। दो बार की ओलंपियन इलावेनिल शुरुआती पांच शॉट के बाद कोरिया की ओलंपिक चैंपियन युनजी से 0.3 अंक पीछे थी। वह 10.8 अंक के साथ शीर्ष पर पहुंचीं। इलावेनिल 12 शॉट के बाद 127.2 अंक के साथ शीर्ष पर थीं।

इस समय वैंग दूसरे स्थान पर थीं। यहां 2018 में हुए विश्व कप में चौथे स्थान पर रहीं इलावेनिल ने 10.7 अंक के साथ अपनी बढ़त बरकरार रखी। भारतीय निशानेबाज हालांकि इसके बाद 9.8 अंक के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गई और अंतत: उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

इससे पहले क्वालिफिकेशन की छह सीरीज के बाद इलावेनिल 635.9 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। वैंग ने 637.9 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। नॉर्वे की जेनेट हेग डुएस्टेड 635.7 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। वैंग का स्कोर क्वालिफिकेशन का विश्व रिकॉर्ड है। युनजी क्वालिफिकेशन में 635.6 अंक के साथ चौथे जबकि तुर्किये की एलिफ बेर्फिन अल्तुन (634.6) पांचवें स्थान पर रहीं। चीन की विश्व और एशियाई चैंपियन हेन जिआयु ने 634.2 अंक के साथ छठे स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई।

भारत की राष्ट्रीय चैम्पियन अनन्या नायडू 632.4 अंक के साथ 15वें पायदान पर रहीं। केवल रैंकिंग अंक के लिए चुनौती पेश कर रहीं रमिता जिंदल ने 632.6 अंक के साथ 13वां स्थान हासिल किया। मेघना सजनार (केवल रैंकिंग अंक) और आर्या बोर्से ने क्रमश: 25वां और 60वां स्थान हासिल किया।

रिलेटेड पोस्ट्स