प्रियंका ने जीती 10 किलोमीटर पैदलचाल प्रतियोगिता

सत्र की पहली जीत दर्ज की, रामबाबू को मिला कांस्य पदक
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। भारत की पैदलचाल एथलीट प्रियंका गोस्वामी ने सत्र की पहली जीत दर्ज करते हुए इंसब्रुक में ऑस्ट्रियन रेसवॉकिंग चैम्पियनशिप में महिलाओं की 10 किलोमीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल किया। प्रियंका गोस्वामी ने 47 मिनट और 54 सेकेंड का समय निकाला। उनके नाम 20 किलोमीटर रेसवॉक में एक घंटे, 28.45 मिनट का राष्ट्रीय रिकॉर्ड है।
10 किलोमीटर में उनका सर्वश्रेष्ठ निजी प्रदर्शन 45 मिनट और 47 सेकेंड का है जो उन्होंने 2022 में बनाया था। प्रियंका ने अपने सोशल मीडिया हैंडिल पर लिखा, एक मिनट की पेनाल्टी के बावजूद मैंने स्वर्ण जीता जो आसान नहीं था। बुखार और पेनाल्टी के बाद यह मुश्किल था। वह मई में मेलबर्न में एथलेटिक्स विक्टोरिया वॉकिंग चैम्पियनशिप में दूसरे स्थान पर रही थी। इंसब्रुक में पुरुषों की 35 किलोमीटर रेसवॉक में संदीप कुमार दूसरे और राम बाबू तीसरे स्थान पर रहे।