वरूण कुमार की भारतीय हॉकी टीम में वापसी

जर्मनी के खिलाफ टेस्ट मैचों में दम दिखाएगी टीम इंडिया
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
जर्मनी के खिलाफ 23 और 24 अक्टूबर को मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम पर होने वाले दो टेस्ट मैचों के लिये डिफेंडर वरूण कुमार की भारतीय हॉकी टीम में वापसी हुई है। एक जूनियर वॉलीबॉल खिलाड़ी द्वारा यौन उत्पीड़न के आरोप लगाये जाने के कारण वरूण पेरिस ओलम्पिक और एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी टीम में जगह नहीं बना सके थे।
फरवरी में बेंगलूरू पुलिस ने वरूण पर पोक्सो (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण) अधिनियम के तहत आरोप लगाये थे जब 22 वर्ष की एक महिला ने आरोप लगाया था कि पिछले पांच साल से वरूण ने कई बार उसका यौन उत्पीड़न किया है और इसकी शुरूआत तब हुई जब वह नाबालिग थी। हॉकी इंडिया सूत्रों ने बताया कि सभी आरोपों से क्लीन चिट मिलने के बाद वरूण को टीम में शामिल किया गया है।
हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली भारतीय टीम को मिडफील्डर हार्दिक सिंह की कमी खलेगी जो ओलम्पिक में लगी चोट से उबर नहीं सके हैं। इस श्रृंखला के जरिये राजिंदर सिंह और आदित्य अर्जुन लालागे डेब्यू करेंगे। मिडफील्ड में मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद, विष्णु कांत सिंह, नीलाकांता शर्मा, शमशेर सिंह, मोहम्मद राहीन मौसीन और राजिंदर सिंह होंगे।
एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी के दौरान ब्रेक के बाद मनदीप सिंह की फॉरवर्ड पंक्ति में वापसी हुई है। उनके साथ सुखजीत सिंह, अभिषेक, आदित्य अर्जुन लालागे, दिलप्रीत सिंह और शीलानंद लाकड़ा होंगे। टीम के बारे में कोच क्रेग फुल्टोन ने कहा, 'हम जर्मनी से खेलने को लेकर काफी उत्साहित हैं। हमने अनुभवी टीम चुनी है और इसमें कई खिलाड़ी वही हैं जिन्होंने पेरिस ओलम्पिक में कांस्य पदक जीता है। राजिंदर और आदित्य अंतरराष्ट्रीय हॉकी में डेब्यू करेंगे जिन्होंने शिविर में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है।'
भारतीय टीम : गोलकीपर : कृशन बहादुर पाठक और सूरज करकेरा, डिफेंडर : हरमनप्रीत सिंह, जरमनप्रीत सिंह , अमित रोहिदास, वरूण कुमार, सुमित, नीलम संजीप सेस और संजय, मिडफील्डर : मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद, विष्णु कांत सिंह, नीलाकांता शर्मा, शमशेर सिंह, मोहम्मद राहीन मौसीन और राजिंदर सिंह, फॉरवर्ड : मनप्रीत सिंह , सुखजीत सिंह, अभिषेक, आदित्य अर्जुन लालागे, दिलप्रीत सिंह और शीलानंद लाकड़ा।

रिलेटेड पोस्ट्स