लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के 24 छात्र ओलम्पिक में दिखाएंगे दमखम

पेरिस ओलम्पिक के भारतीय दल में 21 फीसदी खिलाड़ी यहीं से
खेलपथ संवाद
जालंधर।
भारत के अग्रणी विश्वविद्यालयों में शुमार लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के 24 खिलाड़ी पेरिस ओलम्पिक में अपना दमखम दिखाएंगे। 26 जुलाई से शुरू होने जा रहे पेरिस ओलम्पिक खेलों में 117 भारतीय खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। भारतीय दल में 21 फीसदी खिलाड़ी एलपीयू के छात्र हैं। 
यह खुशी की बात है कि लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के 24 छात्रों ने वैश्विक खेल मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का प्रतिष्ठित अवसर अर्जित किया है, जो खेल और शिक्षा में उत्कृष्टता के लिए यूनिवर्सिटी की वचनबद्धता को दर्शाता है। यहां के छात्र खिलाड़ी भाला फेंक, कुश्ती, हॉकी, एथलेटिक्स, वेटलिफ्टिंग, निशानेबाजी, मुक्केबाजी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। पेरिस ओलम्पिक में दमखम दिखाने वाले एलपीयू एथलीटों में टोक्यो ओलम्पिक में पुरुषों की भाला फेंक में स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा (बीए), महिलाओं की 49 किलोग्राम श्रेणी में स्टार वेटलिफ्टर सैखोम मीराबाई चानू (एमए साइकोलॉजी) शामिल हैं। इसके अलावा, भारतीय हॉकी टीम के सदस्य कप्तान हरमनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, शमशेर सिंह, मनदीप सिंह, सुखजीत सिंह, जुगराज सिंह (सभी बीए के छात्र), मनप्रीत सिंह, गुरजंट (एमबीए) और जरमन प्रीत सिंह शामिल हैं।
संसद सदस्य और एलपीयू के चांसलर डॉ. अशोक कुमार मित्तल ने इस पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा, ‘हम अविश्वसनीय रूप से गौरवान्वित हैं और अपने सभी छात्रों को बधाई देते हैं जिन्होंने पेरिस ओलम्पिक के लिए भारतीय दल में जगह बनाई है। किसी भी विश्वविद्यालय के लिए, ओलम्पिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाला एक भी छात्र होना एक उल्लेखनीय उपलब्धि है और 2024 के ओलम्पिक में 24 छात्रों का होना हमारे लिए बहुत गर्व की बात है।’ एलपीयू के खेलों पर मजबूत फोकस ने हमारे छात्रों को प्रतियोगिता के उच्चतम स्तरों पर उत्कृष्टता हासिल करने में सक्षम बनाया है। उन्होंने कहा कि हमें विश्वास है कि वे देश को बहुत सम्मान और गौरव दिलाएंगे।
पेरिस ओलम्पिक के लिए चुने गए अन्य उल्लेखनीय एलपीयू एथलीटों में मुक्केबाज लवलीना, जैस्मीन और प्रीति, रेसलर अंशु, निशा, विनेश (एमए साइकोलॉजी, 50 किलोग्राम) और निशानेबाज अर्जुन सिंह चीमा (एमए पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन) के अलावा एथलेटिक्स किरण पहल (बीए), बलराज पंवार (बीबीए), एथलेटिक्स परमजीत, विकास (पुरुषों की 20 किलोमीटर रेस वॉक), तीरंदाजी धीरज बोम्मादेवरा, तरुणदीप रॉय शामिल हैं।
एलपीयू ने विश्व स्तरीय खेल बुनियादी ढांचे के निर्माण में निवेश किया है और होनहार एथलीटों को 100% छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। खेल उत्कृष्टता के प्रति इस प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप एलपीयू के विद्यार्थी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर रहे हैं। पिछले टोक्यो ओलम्पिक में भी एलपीयू के 13 विद्यार्थियों ने भाला फेंक, कुश्ती, हॉकी, एथलेटिक्स में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। इनमें से 12 विद्यार्थियों ने 1 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य सहित 3 पदक जीते थे। 

रिलेटेड पोस्ट्स