हॉकी में 13वां पदक जीतने पेरिस के खेल गांव पहुंची भारतीय टीम

1980 के बाद पुरुष हॉकी टीम की नजर स्वर्ण पदक पर

खेलपथ संवाद

पेरिस। भारतीय पुरुष हॉकी टीम शनिवार शाम ओलम्पिक 2024 से पहले पेरिस पहुंच गई। हॉकी इंडिया और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर इस खबर को साझा किया। खेल मंत्री ने वीडियो भी शेयर किया है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम 1980 के बाद पुरुष हॉकी का पहला स्वर्ण पदक जीतने उतरी है। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने फैंस से टीम इंडिया का हौसला बढ़ाने की अपील की।

टोक्यो ओलंपिक 2020 में कांस्य पदक जीतने के बाद भारतीय टीम की नजर अपने पदक का रंग बदलकर स्वर्ण पर टिकी होगी। भारतीय पुरुष हॉकी टीम अपने पेरिस 2024 ओलंपिक अभियान की शुरुआत 27 जुलाई को करेगी। पूल-बी में उसका पहला मैच न्यूजीलैंड से है। इसके बाद 29 जुलाई को भारतीय टीम अर्जेंटीना से, 30 जुलाई को आयरलैंड से और एक अगस्त को बेल्जियम से भिड़ेगी। टीम इंडिया ग्रुप चरण का अपना अंतिम मैच दो अगस्त को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगी। शीर्ष चार में रहने से भारत नॉकआउट चरण में पहुंच जाएगा।

पेरिस ओलंपिक 2024 की शुरुआत 26 जुलाई से होगी और यह बहु-राष्ट्रीय टूर्नामेंट 11 अगस्त को समाप्त होगा। भारत 2020 टोक्यो ओलंपिक के अपने सात पदकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ना चाहेगा, जिसमें एक स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य पदक शामिल हैं। भारतीय पुरुष हॉकी टीम का ओलंपिक में शानदार इतिहास रहा है। टीम ने आठ स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक समेत 12 ओलंपिक पदक हासिल किए हैं। अब हरमनप्रीत की अगुआई वाली टीम का लक्ष्य तालिका में एक और पदक जोड़ना होगा।

खेल मंत्री ने क्या लिखा?

हॉकी इंडिया ने लिखा- भारतीय पुरूष हॉकी टीम अपने सपनों की उड़ान भरने ओलम्पिक गांव पहुंची। ओलम्पिक सपना अब शुरू होता है! वहीं, खेल मंत्री ने लिखा- हमारी शानदार हॉकी टीम ओलम्पिक गांव में बाकी दल के साथ शामिल होने के लिए पेरिस पहुंची है। आइए उनका हौसला बढ़ाएं क्योंकि उनकी नजर पदक पर है। हमें आप पर विश्वास है टीम। शुभकामनाएं!

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के ओलम्पिक में पदकः स्वर्ण 1928 एम्सटरडम, स्वर्ण 1932 लॉस एंजिल्स, स्वर्ण 1936 बर्लिन, स्वर्ण 1948 लंदन, स्वर्ण 1952 हेलसिंकी, स्वर्ण 1956 मेलबर्न, स्वर्ण 1964 टोक्यो, स्वर्ण 1980 मॉस्को, रजत 1960 रोम, कांस्य 1968 मेक्सिको सिटी, कांस्य 1972 म्यूनिख, कांस्य 2020 टोक्यो।

पेरिस 2024 ओलम्पिक के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम: गोलकीपर: पीआर श्रीजेश, डिफेंडर : जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, हरमनप्रीत सिंह, सुमित, संजय, मिडफील्डर: राजकुमार पाल, शमशेर सिंह, मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, फॉरवर्ड: अभिषेक, सुखजीत सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, मनदीप सिंह, गुरजंत सिंह, रिजर्व: नीलकांत शर्मा, जुगराज सिंह, कृष्ण बहादुर पाठक

रिलेटेड पोस्ट्स