पहलवान विनेश, अंशु और रितिका ने दिलाया ओलम्पिक कोटा

एशियाई ओलम्पिक क्वालीफायर के दूसरे दिन भारत की चमकी किस्मत
खेलपथ संवाद
सोनीपत।
स्टार पहलवान विनेश फोगाट ने शनिवार को किर्गिस्तान के बिश्केक में एशियाई ओलम्पिक क्वालीफायर में दमदार प्रदर्शन के बूते महिलाओं के 50 किलोग्राम वर्ग में पेरिस ओलम्पिक का कोटा हासिल कर लिया। वहीं, रोहतक की रितिका ने 76 किलोग्राम और जींद की अंशु मलिक ने 57 किलोग्राम में बेहतरीन खेल के दम पर भारत के लिए ओलम्पिक का टिकट पक्का कर लिया। इससे पहले अंतिम पंघाल ने विश्व चैम्पियनशिप 2023 में ब्रांज मेडल जीतकर 53 किलोग्राम वर्ग में कोटा पाया था।
भारतीय कुश्ती महासंघ के तत्कालीन अध्यक्ष ब्रजभूषण सिंह के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले पहलवानों में शामिल विनेश फोगाट ने सभी परेशानियों से पार पाते हुए ओलम्पिक कोटा दिलाकर देशवासियों को अच्छी खबर दी है। विनेश का यह लगातार तीसरा ओलम्पिक कोटा है। उन्होंने इससे पहले रियो ओलम्पिक 2016 और टोक्यो ओलम्पिक 2020 में हिस्सा लिया था। बिश्केक में विनेश ने पहले मुकाबले में कोरियाई प्रतिद्वंद्वी मिरान चियोन को एक मिनट 39 सेकेंड में ही चित कर दिया। 
अगले मुकाबले में मात्र 67 सेकेंड में कंबोडिया की एसमानांग डिट को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में विनेश से 10 साल छोटी कजाखस्तान की युवा पहलवान लौरा गानिकिजी ने उनके सामने थोड़ी चुनौती पेश की, लेकिन अनुभवी भारतीय पहलवान के आगे वह टिक नहीं पायी। सेमीफाइनल में विनेश ने 10-0 से जीत दर्ज की। फाइनल में पहुंचने के साथ ही उनको कोटा हासिल हो गया। विश्व चैंपियनशिप 2021 की सिल्वर मेडल विजेता अंशु मलिक को क्वार्टर फाइनल में सीधे प्रवेश मिला, जिसमें उन्होंने किर्गिस्तान की कलमीरा बिलिम्बेकोवा को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हराया। अंशु ने सेमीफाइनल में उज्बेकिस्तान की पहलवान लैलोखोन सोबिरोवा को एकतरफा मुकाबले में 10-0 से हराया।
अंडर-23 विश्व चैम्पियन रितिका ने 76 किलोग्राम भार वर्ग में पहला दौर तकनीकी श्रेष्ठता पर जीता। सेमीफाइनल में चीनी ताइपे की त्सज चांग को 7-0 से हराया। बता दें कि एशियाई ओलंपिक क्वालीफायर मुकाबलों में फाइनल में पहुंचने वाले पहलवानों को ओलंपिक कोटा हासिल हो जाता है। पेरिस ओलम्पिक का आखिरी विश्व क्वालीफायर तुर्की में 9 मई से खेला जाएगा।

रिलेटेड पोस्ट्स