हरियाणा ने तीसरी बार जीता महिला सीनियर राष्ट्रीय हॉकी का खिताब

मेजबान हॉकी महाराष्ट्र का दूसरी बार टूटा सपना
पूर्व चैम्पियन मध्य प्रदेश को झारखंड ने खाली हाथ लौटाया
खेलपथ संवाद
पुणे।
हरियाणा ने शनिवार को मेजबान महाराष्ट्र को शूटआउट में 4-1 से हराकर 14वां हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2024 का खिताब अपने नाम किया। दोनों टीमें नियमित समय में 1-1 की बराबरी पर थीं। यह हरियाणा का तीसरा राष्ट्रीय खिताब है, उसने 2013 और 2020 में भी ट्राफी जीती थी। महाराष्ट्र ने लगातार दूसरी बार रजत पदक जीता। इस बार झारखंड ने पूर्व चैम्पियन मध्य प्रदेश को 2-0 से पराजित कर खाली हाथ लौटने को विवश कर दिया। झारखंड लगातार तीन बार से कांस्य पदक जीत रहा है।
मेजर ध्यान चंद हॉकी स्टेडियम पिम्परी पुणे (महाराष्ट्र) में हुई 14वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला नेशनल हॉकी चैपियनशिप में शनिवार को हरियाणा की टीम महाराष्ट्र को 4-1 से हराकर चैम्पियन बन गई है। मैच खत्म होने तक दोनों टीमें एक-एक से बराबरी पर रहीं। खिताबी मुकाबले में हरियाणा को भारतीय खिलाड़ी दीपिका ने 26वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर बढ़त दिलायी। महाराष्ट्र के लिए अक्षता अबासो ढेकाले ने बराबरी का गोल किया। इसके बाद शूटआउट में हरियाणा के लिए नवनीत कौर, ऊषा और सोनिका ने गोल किये। महाराष्ट्र की प्रियंका वानखेड़े, आकांशा सिंह और रूतुजा डाडासो पिसाल गोल करने से चूक गयीं। इससे पहले झारखंड ने मध्य प्रदेश को 2-0 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
सीनियर हॉकी कोच आजाद मलिक ने बताया कि हरियाणा की टीम महाराष्ट्र को 4-1 से हराकर चैम्पियन बनी है, उन्होंने बताया कि टीम में हिसार से कैप्टन सविता, उदिता, सोनिका, दीपिका, ऊषा, नीलम, रेखा और शर्मिला, सोनीपत से निशा, ज्योति, महिमा, नेहा, शिल्पी, एकता कोशिक, मोनिका मलिक और शाहबाद से नवनीत कौर, अमनदीप कौर और रितु रानी ने दमखम दिखाया, टीम के साथ सीनियर हॉकी कोच आजाद सिंह मलिक, मैनेजर जसप्रीत कौर, सहायक कोच दिलबाग सिंह मलिक रहे। हॉकी बेटियों के खिताब जीतने पर हॉकी हरियाणा के वाइस प्रेसीडेंट सुनील मलिक और सीनियर हॉकी कोच आजाद सिंह मलिक ने टीम को बधाई दी।

रिलेटेड पोस्ट्स