पेरिस ओलम्पिक में शरत कमल होंगे भारत के ध्वजवाहक

एमसी मैरीकॉम होंगी भारतीय दल प्रमुख
खेलपथ संवाद
नयी दिल्ली।
अनुभवी टेबल टेनिस खिलाड़ी और राष्ट्रमंडल खेलों के चैम्पियन शरत कमल इस साल होने वाले पेरिस ओलम्पिक खेलों में भारत के ध्वजवाहक होंगे, जबकि दिग्गज मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम को गुरुवार को देश के दल का प्रमुख (शेफ डी मिशन) नियुक्त किया गया। भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) ने यह घोषणा करते हुए एक बयान में कहा कि यह 41 वर्षीय टेबल टेनिस खिलाड़ी ‘ओलम्पिक में प्रतिस्पर्धा करते समय हमारे दल की एकता और भावना का प्रतीक है।’
छह बार की विश्व चैम्पियन और 2012 लंदन ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता मैरीकॉम के साथ शीतकालीन ओलम्पिक खेलों में भाग लेने वाले शिवा केशवन को भारतीय दल का उप प्रमुख नियुक्त किया गया है। आईओए ने कहा,‘मैरीकॉम का खेलों के प्रति समर्पण और प्रेरणादायी यात्रा ओलम्पिक में हमारे खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करने के लिए स्वाभाविक पसंद बनाती है। केशवन के पास अपार अनुभव तथा टीम प्रबंधन के साथ काम करने का ज्ञान है।’
ओलम्पिक कांस्य पदक विजेता निशानेबाज गगन नारंग निशानेबाजी रेंज में भारतीय टीम का संचालन करेंगे। ओलम्पिक में निशानेबाजी रेंज मुख्य स्थल से काफी दूर है। भारत पेरिस ओलम्पिक में निशानेबाजी में अपनी सबसे बड़ी टीम भेजेगा क्योंकि देश अभी तक 19 कोटा स्थान हासिल कर चुका है। बयान में कहा गया है, ‘ये नियुक्तियां अनुभव, विशेषज्ञता और नेतृत्व कौशल को देखकर की गई हैं जो वैश्विक मंच पर हमारे खिलाड़ियों की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।’ आईओए की अध्यक्ष पीटी ऊषा ने इन नियुक्तियों के संबंध में कहा,‘हम पेरिस ओलम्पिक खेलों में हमारे दल का नेतृत्व करने के लिए अधिकारियों की इतनी प्रतिष्ठित और क्षमतावान टीम पाकर बहुत खुश हैं।’

रिलेटेड पोस्ट्स