भारत को पहली बार मिली एशियाई वेटलिफ्टिंग की मेजबानी

चैम्पियनशिप कराने को गुजरात सरकार ने दी सहमति
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारत को पहली बार एशियाई वेटलिफ्टिंग चैम्पियनशिप की मेजबानी मिली है। इस चैम्पियनशिप को कराने के लिए गुजरात आगे आया है। यह चैम्पियनशिप 2026 में अहमदाबाद या गांधीनगर में आयोजित की जाएगी।
भारतीय वेटलिफ्टिंग महासंघ के अध्यक्ष सहदेव यादव के अनुसार ताशकंद (उज्बेकिस्तान) में हुई एशियाई चैम्पियनशिप के दौरान उन्होंने एशियाई वेटलिफ्टिंग के लिए बोली लगाई, जिसे मंजूर कर लिया गया। उन्होंने सोमवार को गुजरात सरकार में प्रमुख सचिव अश्वनी कुमार के समक्ष चैम्पियनशिप कराने का प्रस्ताव रखा, जिसे स्वीकार कर लिया गया। गुजरात सरकार ने आश्वासन दिया है कि उनकी ओर से चैम्पियनशिप का सारा खर्च उठाया जाएगा। इसमें 50 हजार अमेरिकी डॉलर (लगभग 41 लाख रुपये) की बोली का खर्च भी शामिल है। भारत यह चैम्पियनशिप 2018 में भी कराने जा रहा था, लेकिन इसका आयोजन नहीं हो सका।
अब तक देश में सीनियर एशियाई वेटलिफ्टिंग चैम्पियनशिप आयोजित नहीं हुई है। सहदेव यादव का कहना है कि इस चैम्पियनशिप के बाद वह 2027 की विश्व चैम्पियनशिप के लिए भी बोली लगाएंगे। एशियाई चैम्पियनशिप में चीन, इंडोनेशिया, उत्तर कोरिया, जापान जैसे वेटलिफ्टिंग के पावरहाउस देश शिरकत करेंगे।

रिलेटेड पोस्ट्स