140 करोड़ भारतीयों का सपना ओलम्पिक की मेजबानी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खेलों को लेकर दिया बड़ा बयान
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारत ओलम्पिक 2036 की मेजबानी के लिए तैयारियां कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात की जानकारी दी। इससे पहले भारत युवा ओलम्पिक 2029 की मेजबानी का भी इच्छुक है। वहीं, केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने हाल ही में ओलम्पिक 2036 की मेजबानी पर बात की थी। उन्होंने बताया था कि भारत प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए उत्साहित है।
ओलम्पिक 2036 की मेजबानी के लिए अहमदाबाद शहरी विकास प्राधिकरण (एयूडीए) आधार तैयार कर रहा है। एयूडीए ने अहमदाबाद विकास योजना 2041 का अनावरण किया है जिसमें अहमदाबाद को ओलम्पिक योग्य शहर में बदलने के लिए बुनियादी ढांचे और पर्यावरण उन्नयन को लेकर रिपोर्ट तैयार की गई है। एयूडीए अपनी तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण एक मास्टर प्लान तैयार कर रहा है जिसमें जल आपूर्ति से लेकर जल निकासी जैसे महत्वपूर्ण बिंदु शामिल हैं। पीएम मोदी ने कहा, "मैं आपके सामने 140 करोड़ भारतीयों की भावना रखना चाहूंगा। भारत अपनी धरती पर 2036 के ओलम्पिक का आयोजन के प्रयासों में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगा।"
ओलम्पिक 2036 के लिए रणनीतिक मास्टर प्लान तैयार करने की जिम्मेदारी ब्रिसबेन की प्रसिद्ध कम्पनी पॉपुलस को सौंपी गई है। इसमें साबरमती जनपथ से नरेंद्र मोदी स्टेडियम तक का चौड़ीकरण शामिल है। उम्मीद है अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ओलम्पिक 2036 का उद्घाटन समारोह होगा। पीएम ने आगे कहा, "यह 140 करोड़ भारतीयों का सपना है, उनकी आकांक्षा है।"

रिलेटेड पोस्ट्स