हॉकी इंडिया के महासचिव पर जबरन वसूली का आरोप

भोलानाथ सिंह का कहना 25 लाख तो क्या मैंने कभी किसी से 25 पैसे भी नहीं लिए
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
पुश्तैनी खेल हॉकी एक बार फिर से विवादों में आ गई है। हॉकी इंडिया के महासचिव पर जबरन वसूली के आरोप लगे हैं। एक राज्य संघ तेलंगाना हॉकी ने हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह पर उसके चुनाव कराने के लिए 25 लाख रुपए की जबरन वसूली करने का आरोप लगाया है। 
तेलंगाना हॉकी के चुनाव इस साल अप्रैल में होने थे लेकिन इस राज्य संघ के अध्यक्ष सरस तलवार के अनुसार वे चुनाव कराने के प्रयास कर रहे हैं लेकिन भोलानाथ विभिन्न कारणों से इसमें रोड़ा अटका रहे हैं। बाद में हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ ने तेलंगाना हॉकी के कामकाज को चलाने के लिए छत्तीसगढ़ हॉकी के महासचिव फिरोज अंसारी की अगुवाई में तीन सदस्यीय समिति गठित की इसके बाद तलवार ने शिकायत दर्ज कराई थी।
तलवार का कहना है कि चुनाव अप्रैल में होने वाले थे और हम इन्हें कराने की प्रक्रिया में थे लेकिन हॉकी इंडिया का एक अधिकारी इसमें रोड़ा अटका रहा था। हॉकी इंडिया ने कहा कि कुछ शिकायतें हैं और हमने उनका जवाब दिया। आखिर मैं उनसे (भोलानाथ) मिला तो उन्होंने कहा कि अगर आप इससे बाहर निकलना चाहते हो तो 25 लाख रुपए का भुगतान करो। तब कमरे में केवल मैं और वह थे।
तलवार ने कहा,‘‘इसके बाद उन्होंने कहा कि मैं इस पर विचार करने के लिए सात दिन का समय दूंगा। मैं उनसे तीन नवम्बर को मिला था। भोलानाथ ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा इस खेल को बढ़ावा देने के लिए काम किया है। भोलानाथ का कहना है कि यह आरोप पूरी तरह से आधारहीन हैं। मैंने 25 लाख तो छोड़िए, कभी किसी से यहां तक की 25 पैसे भी नहीं लिए हैं। मैंने हमेशा खेल को बढ़ावा देने के लिए काम किया है।

रिलेटेड पोस्ट्स