पहलवानों के पास ओलम्पिक टिकट हासिल करने को दो मौके

एडहॉक कमेटी ने जारी किया चयन प्रक्रिया का शेड्यूल
खेलपथ संवाद
सोनीपत।
भारतीय कुश्ती महासंघ की एडहॉक कमेटी ने पेरिस ओलम्पिक के लिए नयी चयन नीति की घोषणा करते हुए दोहराया है कि पेरिस ओलम्पिक में श्रेष्ठ पहलवानों को ही मौका देंगे। कमेटी ने कहा कि चयन में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी और 30 भार वर्गों में 27 से 29 फरवरी तक पहलवानों का पहला चयन होगा। 
अभी ओलम्पिक क्वालीफाइंग के लिए दो मौके हैं, जिसमें एशियन ओलम्पिक क्वालीफायर व विश्व ओलम्पिक क्वालीफायर प्रतियोगिता में ओलम्पिक का टिकट प्राप्त कर सकते हैं। हालांकि, ओलम्पिक के लिए फाइनल ट्रायल 31 मई और एक जून को लिया जाएगा। भारतीय कुश्ती महासंघ की एडहॉक कमेटी ने पेरिस ओलम्पिक 2024 के लिए चयन नीति की घोषणा की है। एशियाई ओलम्पिक क्वालीफायर और इसके बाद विश्व ओलम्पिक क्वालीफायर में पहलवानों को भाग लेना होगा। कमेटी ने स्पष्ट किया कि ओलम्पिक कोटा खिलाड़ी को नहीं, देश को दिया जाता है। कुल 17 कोटा उपलब्ध होंगे। फरवरी 2024 में 30 भार वर्ग श्रेणियों के लिए परीक्षण निर्धारित है।
ओलम्पिक टिकट हासिल करने के लिए पहलवानों के पास दो मौके हैं। इनमें से एशियाई ओलम्पिक क्वालीफायर प्रतियोगिता का आयोजन 19 से 21 अप्रैल, 2024 तक किर्गिस्तान में होगा। वहीं विश्व ओलम्पिक क्वालीफायर प्रतियोगिता का आयोजन 9 से 12 मई, 2024 तक तुर्की में होगा। 2022 एशियाई खेल, 2023 सीनियर विश्व चैम्पियनशिप और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के पदक विजेताओं को इसमें शामिल किया गया है। इसके साथ ही वर्ष 2023 में हुई ओपन ट्रायल में अंडर-17, अंडर-20 व अंडर-23 आयु वर्ग के पहलवान भी भाग ले सकते हैं। वर्ष 2023 की सभी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के पदक विजेता भी ट्रायल दे सकेंगे।
अंतिम ट्रायल 31 मई व 1 जून को
पेरिस ओलम्पिक के लिए अंतिम ट्रायल 31 मई व 1 जून 2024 को आयोजित किया जाएगा। यह दो चरण में होगा। इसमें 31 मई को चैलेंजर का निर्धारण होगा। उसके बाद 1 जून को चैलेंजर और ओलम्पिक कोटा विजेता पहलवानों के बीच कुश्ती होगी। वहीं सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता-2023 में शीर्ष चार में रहने वाले पहलवानों को राष्ट्रीय कोचिंग शिविर के लिए चयनित किया गया है। भारतीय महिला पहलवान अंतिम पंघाल ही एकमात्र पहलवान हैं, जिन्होंने देश के लिए ओलम्पिक कोटा हासिल किया है।

 

रिलेटेड पोस्ट्स