'2036 ओलम्पिक के आयोजन में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे'

आईओसी के 141वें सत्र में बोले प्रधानमंत्री मोदी
खेलपथ संवाद
मुम्बई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर पहुंचे और वहां अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) के 141वें सत्र को सम्बोधित करते हुए कहा कि चालीस साल के बाद भारत में आईओसी सत्र आयोजित होना हमारे लिए बहुत गर्व की बात है। प्रधानमंत्री ने कहा, 'भारत अपनी धरती पर ओलम्पिक का आयोजन करने के लिए बहुत उत्साहित है। साल 2036 में भारत में ओलम्पिक का सफल आयोजन हो, इसके लिए भारत अपने प्रयासों में कोई कमी नहीं रखेगा। 
इस मौके पर उन्होंने कहा कि पिछले ओलम्पिक में कई भारतीय एथलीटों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। हाल में सम्पन्न हुए एशियाई खेलों में भारत ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। उससे पहले हुए वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में भी हमारे युवा एथलीटों ने नए रिकॉर्ड बनाए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, 'भारत अपनी धरती पर ओलम्पिक का आयोजन करने के लिए बहुत उत्साहित है। साल 2036 में भारत में ओलम्पिक का सफल आयोजन हो, इसके लिए भारत अपने प्रयासों में कोई कमी नहीं रखेगा। यह 140 करोड़ भारतीयों का सपना है। हम आपके समर्थन से इस सपने को पूरा करना चाहते हैं। हम 2029 युवा ओलंम्पिक की मेजबानी करने के इच्छुक हैं। मुझे यकीन है कि भारत को आईओसी से लगातार समर्थन मिलेगा।'
इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति के अध्यक्ष थॉमस बाक ने कहा, 'मुंबई में 141वें आईओसी सत्र में आप सभी का स्वागत करना एक बड़े सम्मान की बात है। हम भारत में आकर बहुत खुश हैं - एक ऐसा देश जो ओलम्पिक खेलों सहित कई मायनों में आगे बढ़ रहा है। आज यहां आपकी (पीएम मोदी) मौजूदगी आपके देश में ओलम्पिक खेलों के बढ़ते महत्व का प्रमाण है।' 
बाक ने कहा, भारत हमारे आईओसी सत्र को आयोजित करने के लिए वास्तव में एक प्रेरणादायक स्थान है। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा देश है जो भविष्य के लिए आत्मविश्वास के साथ-साथ एक शानदार इतिहास और गतिशील वर्तमान को जोड़ता है। वहीं, उद्यमी नीता अम्बानी ने कहा, 'आज दुनिया को भाईचारे और एकजुटता की पहले से ज्यादा जरूरत है। यह युद्ध के मैदानों पर नहीं हो सकता है, यह केवल खेल के मैदानों पर ही हो सकता है।'

रिलेटेड पोस्ट्स