चोटिल सुशीला चानू को एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में विश्राम

हॉकी इंडिया ने 20 सदस्यीय महिला हॉकी टीम की घोषित
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
अनुभवी मिडफील्डर सुशीला चानू को चोटिल होने के कारण 27 अक्टूबर से पांच नवम्बर तक रांची में होने वाली एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी (एसीटी) के लिए आराम दिया गया है। उन्हें 20 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम में जगह नहीं दी गई है। रियो ओलम्पिक में भारत की अगुवाई करने वाली सुशीला हाल में हांगझोऊ एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थी। हॉकी इंडिया के सूत्रों ने बताया कि सुशीला जल्द ही डॉक्टर से मिलकर अपनी चोट की स्थिति का पता लगाएगी।
सूत्रों ने कहा, ‘सुशीला को विश्राम दिया गया है क्योंकि वह चोटिल हैं। उन्हें डॉक्टर को दिखाने की जरूरत है। सुशीला टीम की महत्वपूर्ण सदस्य हैं और उनका आगामी टूर्नामेंटों से पहले फिट होना जरूरी है।’ बलजीत कौर को सुशीला की जगह टीम में लिया गया है। एशियाई खेलों की टीम में शामिल वैष्णवी विट्ठल फाल्के को शर्मिला देवी के साथ बैकअप विकल्प के रूप में रखा गया है। सुशीला के अलावा गोलकीपर सविता के नेतृत्व वाली टीम में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। डिफेंडर दीप ग्रेस एक्का पहले की तरह टीम की उप कप्तान बनी रहेंगी।
एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में भारत के अलावा जापान, चीन, कोरिया, मलयेशिया और थाईलैंड अन्य भाग लेने वाले देश हैं। भारत अपने अभियान की शुरुआत 27 अक्टूबर को थाईलैंड के खिलाफ करेगा। इसके बाद वह मलयेशिया (28 अक्टूबर), चीन (30 अक्टूबर), जापान (31 अक्टूबर) और कोरिया (2 नवम्बर) के खिलाफ मैच खेलेगा। भारतीय महिला हॉकी टीम की कोच यानेक शोपमैन ने कहा, ‘लय बनाए रखना और टीम के रूप में सुधार जारी रखना महत्वपूर्ण है। हमने एशियाई खेलों में अच्छा प्रदर्शन करके कांस्य पदक जीता था और आगामी टूर्नामेंट में हमें अपने एशियाई प्रतिद्वंदियों के खिलाफ अपनी स्थिति में सुधार करने का एक और मौका मिलेगा।’
टीम इस प्रकार है: गोलकीपर: सविता (कप्तान), बिचू देवी खारीबाम, रक्षक : निक्की प्रधान, उदिता, इशिका चौधरी, दीप ग्रेस एक्का (उप-कप्तान), मध्यपंक्ति: निशा, सलीमा टेटे, नेहा, नवनीत कौर, सोनिका, मोनिका, ज्योति, बलजीत कौर, अग्रिम पंक्ति : लालरेम्सियामी, संगीता कुमारी, दीपिका, वंदना कटारिया, बैकअप खिलाड़ी: शर्मिला देवी, वैष्णवी विट्ठल फाल्के।

रिलेटेड पोस्ट्स