19वें एशियाई खेलों में कई नए खेलों पर होगी नजर

चेस-क्रिकेट की वापसी तो ई-स्पोर्ट्स-ब्रेकडांसिंग का दिखेगा जलवा
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
चीन में होने जा रहे 19वें एशियाई खेलों में कई नए खेल आबाद हो रहे हैं तो कई वापस लौटे हैं। यह खेल इस बड़े मंच पर क्या छाप छोड़ते हैं यह तो समय बताएगा फिलवक्त इन खेलों की चर्चा खूब हो रही है।
एशियाई खेलों के शुरू होने में अब ज्यादा दिन नहीं बचे हैं। ये खेल पिछले साल आयोजित होने थे, लेकिन कोराेना के चलते इनका आयोजन इस साल चीन के होंगझाेऊ शहर में 23 सितम्बर से होंगे। इस एशियाड में कई ऐसे खेल हैं जिन पर सभी की निगाहें रहेंगी। ई-स्पोर्ट्स और ब्रेकडांसिंग इन खेलों में पहली बार हिस्सा ले रहे हैं। वहीं, शतरंज और क्रिकेट की वापसी हो रही है।
2018 एशियाई खेलों में ई-स्पोर्ट्स को नुमाइशी खेल के तौर पर शामिल किया था। इसकी लोकप्रियता देखते हुए इसे होंगझोऊ में पदक स्पर्धा के रूप में शामिल करने का फैसला लिया गया। इसमें दर्शक वीडियो गेमर को एक-दूसरे से भिड़ते देखते हैं। इसमें सात वीडियो गेम डोटा 2, फीफा ऑनलाइन-4, लीग ऑफ लीजैंड्स, एरेना ऑफ वेलोर, ड्रीम थ्री किंगडम्स, पबजी मोबाइल और स्ट्रीट फाइटर फाइव खेले जाएंगे। भारत 15 सदस्यीय पुरुष टीम भेजेगा।
ब्रेकडांसिंग, खेल या नृत्य की शैली
पेरिस ओलम्पिक में पदार्पण करने जा रहे ब्रेकडांसिंग या ब्रेकिंग खेल को पहली बार एशियाड में शामिल किया है। आलोचकों में इस बात को लेकर बहस है कि यह खेल है या नृत्य की एक शैली, लेकिन अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति ने इसे खेल के रूप में मान्यता दी। भारत इस खेल में हिस्सा नहीं ले रहा है क्योंकि खेल मंत्रालय के मानदंडों पर खरा नहीं उतरने के कारण चार सदस्यीय टीम को मंजूरी नहीं दी।
13 साल बाद शतरंज लौटा
64 खानों का यह खेल 13 साल बाद एशियाई खेलों में लौट रहा है। भारत के लिए इसकी वापसी का यह सबसे बेहतर समय है क्योंकि आर. प्रगनाननंदा, डी गुकेश और अर्जुन जैसे युवा खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। दोहा एशियाई खेलों 2006 में शतरंज शामिल था।
2018 के बाद क्रिकेट शामिल
एशियाई खेलों में 2018 के बाद क्रिकेट की वापसी टी-20 प्रारूप में होगी। ग्वांगझोऊ में 2010 और इंचियोन में 2014 खेलों में क्रिकेट शामिल था, लेकिन भारत ने टीम नहीं भेजी थी। इस बार भारत महिला और पुरुष दोनों वर्गों में टीमें भेज रहा है और टीम इंडिया स्वर्ण पदक की दावेदार है।

रिलेटेड पोस्ट्स