यूपी के 227 खिलाड़ियों के तन पर दिखेगी पुलिस की वर्दी

आने वाले दिनों में खेलों में यूपी पुलिस की बढ़ेगी धमक 
खेलपथ संवाद
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश पुलिस में चयनित 479 कुशल खिलाड़ियों में अलग-अलग खेलों के अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के 315 पदक विजेता शामिल हैं। साफ है कि आने वाले दिनों में खेलों में यूपी पुलिस की धमक जरूर बढ़ेगी। शनिवार को पहले चरण में जिन 227 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए उनमें विभिन्न प्रतियोगिताओं में 15 स्वर्ण पदक विजेता 15 रजत तथा 24 कांस्य पदक विजेता शामिल हैं। 
डीजी पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड रेणुका मिश्रा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में एक स्वर्ण पदक विजेता, तीन रजत व सात कांस्य पदक विजेता शामिल हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में 51 स्वर्ण पदक, 41 रजत पदक व 61 कांस्य पदक विजेता शामिल हैं। कुल चयनित खिलाड़ियों में उत्तर प्रदेश के सर्वाधिक 371 खिलाड़ी, हरियाणा के 39, उत्तराखंड व दिल्ली के 13-13, मध्य प्रदेश के 12, पंजाब के 11, राजस्थान के सात, गुजरात, उड़ीसा, दिल्ली, बिहार व कर्नाटक के दो-दो तथा त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश व छत्तीसगढ़ के एक-एक खिलाड़ी शामिल है। इनमें एथलेटिक्स के सबसे अधिक 94 खिलाड़ी (54 पुरुष व 40 महिला) चुने गए हैं।
इनके अलावा, वाटर स्पोर्ट्स के 42 तथा कुश्ती के 38 खिलाड़ी चुने गए हैं। डीजी के अनुसार, शनिवार को पहले चरण में जिन 227 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए, उनमें विभिन्न प्रतियोगिताओं में 15 स्वर्ण पदक विजेता, 15 रजत तथा 24 कांस्य पदक विजेता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में कुशल खिलाड़ी ललित उपाध्याय को डिप्टी एसपी व विजय यादव को नायब तहसीलदार के पद पर नियुक्ति प्रदान की गई है।
यह कुशल खिलाड़ी हुए भर्ती
बिहार के श्रेय भारद्वाज: 41वीं जूनियर नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक व खेलाे इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2023 में स्वर्ण पदक। गाजीपुर की नमिता वर्मा: सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता-2022 में स्वर्ण पदक। सहारनपुर के धावक (3,000 मीटर स्टिपल चेस) विशाल चौहान: 19वीं नेशनल फेडरेशन कप चैम्पियनशिप 2021 में रजत पदक तथा वर्ल्ड जूनियर एथलेटिक्स में भारतीय टीम में चयनित। सुल्तानपुर की रागिनी उपाध्याय (बॉक्सिंग 45-54 किलोग्राम): अखिल भारतीय अंतरविश्वविद्यालय प्रतियोगिता 2022 में कांस्य पदक प्राप्त किया। खेला इंडिया 2022 में रजत पदक जीता।
वाराणसी के धावक (क्रॉस कंट्री-10 किलोमीटर) पंकज कुमार: साउथ एशियन क्रॉस कंट्री चैम्पियनशिप 2022 में प्रतिभाग किया। हरियााण के जतिन: वर्ल्ड जूनियर जूडो चैम्पियनशिप 2021 में प्रतिभाग किया। मुरादाबाद के रोहन बिश्नोई: एशियन जूडो चैम्पियनशिप 2021 में प्रतिभाग किया। त्रिपुरा की अस्मिता डे: एशियन जूनियर जूडो चैम्पियनशिप में कांस्य पदक विजेता। गौतमबुद्धनगर के चिंटू नागर: 31वीं सीनियर नेशनल वुशू चैम्पियनशिप 2022 में स्वर्ण पदक विजेता। मेरठ के नितिन चौधरी: 20वीं जूनियर नेशनल वुशू चैम्पियनशिप 2022 में स्वर्ण पदक विजेता।
दुर्घटना में उपचार के लिए पांच लाख तक का प्रबंध
खेल मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने समारोह में बताया कि नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को दुर्घटना में उपचार के लिए पांच लाख रुपये तक का प्रबंध किया गया है। उत्तर प्रदेश खेल विकास प्राधिकरण का गठन किया जा रहा है। खेल साथी एप भी जल्द लांच होगा, जिसके तहत सभी योजनाओं की जानकारी ऑनलाइन मिल सकेगी। पुरस्कार राशि के लिए आवेदन व भुगतान भी ऑनलाइन होगा। स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी होगी। खिलाड़ियों की सुविधाओं के लिए ऐसे कई अन्य महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स