एशियाई कुश्ती में पहलवान बेटियों ने बढ़ाया देश का गौरव

अंतिम पंघाल ने रजत तो अंशु और सोनम ने जीते कांस्य
भारतीय पहलवानों ने जीते कुल 11 पदक 
खेलपथ संवाद
अस्ताना।
भारतीय महिला पहलवान एशियाई कुश्ती चैम्पियनशिप में फिर स्वर्ण पदक नहीं जीत पाईं लेकिन अभी तक बेटियों ने छह पदक जीते हैं जिसमें दो चांदी तो चार कांसे के पदक शामिल हैं। मंगलवार को निशा दहिया ने रजत पदक जीता था तो बुधवार को अंशु मलिक (57 किलोग्राम), सोनम मलिक (62 किलोग्राम), मनीषा (65 किलोग्राम) और रितिका (72 किलोग्राम) ने भारत की झोली में कांस्य पदक डाले।
बुधवार को 53 किलोग्राम भारवर्ग में हरियाणा की अंतिम पंघाल ने फाइनल में जगह बनाई लेकिन यहां उन्हें 2021 की विश्व चैम्पियन अकारी फुजीनामी के हाथों 0-10 से हार का सामना कर रजत पदक से संतोष करना पड़ा। भारतीय कुश्ती संघ के खिलाफ धरने पर बैठने के बाद पहली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता खेल रहीं अंशु मलिक (57 किलोग्राम भारवर्ग) और सोनम मलिक (62 किलोग्राम भारवर्ग) को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। 
देश की पहली अंडर-20 विश्व चैम्पियन अंतिम ने चैम्पियनशिप में शानदार शुरुआत की। उन्होंने पहले सिंगापुर की अलवीना लिम को चित किया। इसके बाद उन्होंने क्वार्टर फाइनल में चीन की ली डेंग को 6-0 से पराजित किया। सेमीफाइनल में उन्होंने आक्टेन क्यूनिमजाएवा को 8-1 से हराया। इस दौरान उन्होंने एक भी अंक कुश्ती के दौरान नहीं गंवाया। उजबेकी पहलवान के खिलाफ उन्हें एक अंक कॉशन का मिला। लेकिन फाइनल में अंतिम रंग में नहीं दिखीं। फुजीनामी ने उन्हें तकनीकी दक्षता के आधार पर आसानी से हरा दिया।
कांस्य के मुकाबले में अंशु, सोनम को मिली आसान जीत
अंशु मलिक से 57 किलोग्राम भार वर्ग में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी लेकिन 2021 की विश्व चैम्पियनशिप की रजत पदक विजेता यह भारतीय खिलाड़ी मौजूदा अंडर 23 विश्व चैम्पियन नैंजो के खिलाफ अंक बनाने के लिए जूझती रही। जापानी पहलवान ने पहले पीरियड में आक्रामकता भी दिखाई जबकि अंशु को निष्क्रिय बने रहने के लिए एक अंक गंवाना पड़ा। नैंजो ने भी दूसरे पीरियड में निष्क्रियता के लिए अंक गंवाया लेकिन इसके बाद वह हावी हो गई और जब रेफरी ने मुकाबला रोका तब जापानी पहलवान 5-1 से आगे थी। भारत के नाम पर अब प्रतियोगिता में 11 पदक हो गए हैं। इनमें चार पदक ग्रीको रोमन पहलवानों ने जीते हैं। मंगलवार को निशा दहिया (68 किलोग्राम) ने रजत और प्रिया (76 किलोग्राम) ने कांस्य पदक जीता था।
अंशु ने पहली बाउट में सिंगापुर की डेनियल चिंग लिन को 11-0 से हराया। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने चीन की क्वी झांग पर 5-4 से संघर्षपूर्ण जीत पाई। सेमीफाइनल में उन्हें अंडर-23 विश्व चैम्पियन जापान की साए नांजो ने 1-5 से पराजित किया। इस बाउट में अंशु को चोट भी आई, लेकिन कांस्य पदक के मुकाबले में उन्होंने मंगोलिया की एरडेनेसुव्ड बाट एरडेन को तकनीकी दक्षता पर 10-0 से हराया। सोनम ने कांस्य पदक के मुकाबले में चीन की जियाओजुआन लुओ को 5-1 से हराया। क्वार्टर फाइनल में सोनम को मंगोलिया की ओरखान ने 1-7 से हराया था।

रिलेटेड पोस्ट्स