भारतीय युवा वेटलिफ्टरों ने रचा इतिहास

विश्व यूथ भारोत्तोलन चैम्पियनशिप में पहली बार जीती टीम ट्रॉफी 
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारतीय भारोत्तोलकों ने इतिहास रचते हुए विश्व यूथ भारोत्तोलन चैम्पियनशिप में पहली बार टीम ट्रॉफी जीतने का गौरव अपने नाम कर लिया है। लड़कों में इंडियन टीम दूसरे और लड़कियों में तीसरे स्थान पर रही। पहली बार भारतीय भारोत्तोलकों ने चैम्पियनशिप में कुल 14 पदक भी जीत लिए। लड़कों ने तीन रजत और छह कांस्य, जबकि लड़कियों ने एक रजत और चार कांस्य पदकों पर कब्जा जमाया।
भारतीय भारोत्तोलन संघ के अध्यक्ष सहदेव यादव के मुताबिक 25 मार्च से एक अप्रैल तक डोरेस (अल्बानिया) में हुई इस चैम्पियनशिप में लड़कों ने कुल 413 और लड़कियों ने 393 अंक अपने नाम किए। लड़कियों में 591 अंक के साथ मिस्र पहले, 418 के साथ अमेरिका दूसरे स्थान रहा। लड़कों में आर्मेनिया 536 के साथ पहले और कजाखस्तान 369 अंक के साथ तीसरे नम्बर पर रहा। इस चैम्पियनशिप में जोशना, आकांक्षा, अस्मिता, कोयल, मीना, संजना, मार्टिना, धनुष, तुफेल, गुरुनायडू, तोमछोऊ मितेई, गोलोम और भराली ने भाग लिया। 
इसके पहले ख़बरें थीं कि ज्योष्ना ने स्नैच वर्ग में सिल्वर मेडल जीता लेकिन वह क्लीन एवं जर्क वर्ग में 7 भारोत्तोलकों में छठे स्थान पर थीं। वहीं धनुष ने पुरूषों की 49 किलोग्राम स्पर्धा में कुल 200 किलोग्राम का वजन उठा लिया जिससे वह फिलीपींस के प्रिंस के. डेलोस सांतोस और इरोन बोरेस से पीछे तीसरे स्थान पर रहे। इस 16 साल के भारोत्तोलक ने स्नैच वर्ग में सिल्वर मेडल जीता। युवा चैम्पियनशिप में 13 से 17 वर्ष के भारोत्तोलक भाग ले सकते हैं। महाद्वीपीय और विश्व चैम्पियनशिप में स्नैच, क्लीन एवं जर्क तथा कुल वजन वर्ग में मेडल अलग-अलग दिए जाते हैं लेकिन ओलम्पिक खेलों में कुल वजन वर्ग के लिये केवल एक पदक ही प्रदान किया जाता है।

रिलेटेड पोस्ट्स