हरियाणा की मुक्केबाजों के पंच में दम

महिला विश्व मुक्केबाजी में 8 खिलाड़ी हरियाणा की
इनमें भी अकेले भिवानी की 5 बेटियां शामिल
खेलपथ संवाद
भिवानी।
मिनी क्यूबा के नाम से विख्यात हरियाणा के भिवानी के मुक्केबाजों ने एक बार फिर से पंच का दम दिखाया है। 15 से 26 मार्च तक नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होने वाली आईबा महिला विश्व मुक्केबाजी चैम्पियनशिप की 12 सदसीय टीम में 5 महिला बॉक्सर भिवानी की हैं।
बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने भारतीय टीम की घोषणा की है। इसमें हरियाणा से 8 मुक्केबाजों का चयन हुआ है, जिनमें से 5 भिवानी की मुक्केबाज हैं। महिला विश्व मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में भिवानी जिले से पांच बेटियों का चयन क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। यह अब तक के इतिहास में पहली बार संभव हुआ है।
इस बार चयनित खिलाड़ियों में 48 किलोग्राम भार वर्ग में नीतू घनघस, 52 किलोग्राम में साक्षी, 60 किलोग्राम में जैस्मिन लम्बोरिया, 81 किलोग्राम भार वर्ग में नूपुर श्योराण व 54 किलोग्राम भार वर्ग में प्रीति पंवार हैं। भिवानी के अलावा तीन अन्य खिलाड़ी 63 किलोग्राम भार वर्ग में हिसार की खिलाड़ी शशी चोपड़ा, 81 किलोग्राम भार वर्ग में स्वीटी बूरा तथा 57 किलोग्राम भार वर्ग में कैथल की मनीषा मौन का चयन हुआ है।
हरियाणा बॉक्सिंग संघ के प्रवक्ता राजनारायण पंघाल ने बताया कि बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा चयनित 12 सदस्यीय टीम में आठ खिलाड़ियों का चयन अकेले हरियाणा से हुआ है, जो हरियाणा प्रदेश के लिए गौरव की बात है। दिल्ली में आयोजित होने वाली इस द्विवार्षिक वैश्विक प्रतियोगिता में 74 से अधिक देशों के 350 से अधिक मुक्केबाज भाग लेंगे, जबकि पिछली प्रतियोगिता में 73 देशों के 310 मुक्केबाजों ने भाग लिया था। भारत तीसरी बार महिला विश्व मुक्केबाजी चैम्पियनशिप की मेजबानी करेगा। इससे पहले वर्ष 2006 में ताल कटोरा स्टेडियम दिल्ली और 2018 में आईजी स्टेडियम नई दिल्ली में हुई थी।

 

रिलेटेड पोस्ट्स