राष्ट्रीय महिला हॉकी प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा मेरठ

मार्च में  होगी प्रतियोगिता, विभिन्न राज्यों की 13 टीमें लेंगी हिस्सा
खेलपथ संवाद
मेरठ।
मेरठ के कैलाश प्रकाश स्टेडियम में नवनिर्मित हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान बनने के बाद जिले में पहली राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता होने जा रही है। उत्तर प्रदेश खेल विभाग द्वारा 1 मार्च से राष्ट्रीय महिला हॉकी प्राइजमनी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। रविवार को कैलाश प्रकाश स्टेडियम में क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी योगेंद्रपाल सिंह ने पत्रकारों को यह जानकारी दी। 
योगेंद्रपाल सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग राज्यों की 13 टीमें शामिल होंगी। जिनके बीच 19 मैच होंगे, 15 लीग मैच, 2 सेमीफाइनल व तीसरे नंबर के  लिए एक मैच और अंत में फाइनल होगा। 100 खिलाड़ी राष्ट्रीय और 20-25 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रतियोगिता में शामिल होंगे। जिनमें भारतीय हॉकी टीम की सदस्य वंदना कटारिया, रानी रामपाल सहित कई महिला खिलाड़ी शामिल हो सकती हैं।
विजेता को 2 लाख और उप-विजेता को 1 लाख  रुपए दिए जाएंगे। प्रति खिलाड़ी को 400 रुपए प्रतिदिन डाइट का मिलेगा। भारतीय हॉकी संघ द्वारा 12 तकनीकी अधिकारी प्रतियोगिता कराएंगे। मेरठ में पहली बार खेल विभाग हॉकी प्रतियोगिता करा रहा है। हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान का शुभारम्भ होने के बाद यह पहली राष्ट्रीय प्रतियोगिता होने जा रही है। लखनऊ छात्रावास, एसएसबी लखनऊ, साई सेंटर लखनऊ, नॉर्दन रेलवे और मध्य प्रदेश की टीमों से कई बड़े नाम खेल सकते हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स