बॉक्सर पूजा और आकाश परिणय सूत्र में बंधे

भिवानी में देर रात तक रहा शादी का धूमधड़ाका
खेलपथ संवाद
भिवानी।
हरियाणा के भिवानी में अंतरराष्ट्रीय महिला मुक्केबाज पूजा बोहरा बीती रात जींद के आकाश के साथ परिणय सूत्र में बंध गईं। दोनों की शादी की कुछ रस्में उनके आवास पर तो बाकी रस्में ढाणा रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में हुईं। शादी में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी व कोच, सेलिब्रिटी शामिल हुए। वहीं उन्होंने बिना दहेज के शादी की है, जिसकी खूब चर्चा है। इस शादी में यूथ बॉक्सिंग की हेड कोच अमनप्रीत, सोनिया, प्रियंका, भारती ठाकुर, प्रियंका चौधरी ने शिरकत की।
बुधवार सुबह हिसार से उनके मामा परिवार के साथ भात लेकर पहुंचे और भात दिया। उसके बाद पूजा का परिवार बैंक्वेट हॉल पहुंच गया। देर शाम जींद जिले के गांव बड़छपर से आकाश बारात लेकर बैंक्वेट हाल पहुंचे। मिलनी के बाद वरमाला की रस्म हुई और इसमें आम शादियों की तरह आकश ने वरमाला पहनते समय नखरे किए। तीन बार की धींगामुस्ती के बाद आकाश ने पूजा के सामने सिर झुका कर वरमाला पहनी।
शादी के दौरान अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज पूजा बोहरा ने करीब 2.25 लाख की कीमत का शादी का जोड़ा पहना हुआ था। यह हल्के हरे व मेहरून रंग का था और आकाश ने सफेद रंग की शेरवानी पहनी हुई थी। वरमाला से पहले आकाश ने 'मुझसे शादी करोगी' गाने पर डांस करते हुए बॉक्सर पूजा बोहरा को प्रपोज किया। शादी की स्टेज पर पूजा व आकाश ने एक दूसरे के हाथ को चूमा।
भिवानी जिले के गांव नीमड़ीवाली निवासी पूजा बोहरा अपने परिवार के साथ कई साल से शहर के विकास नगर में रहती है। पूजा के पिता स्वर्गीय राजबीर हरियाणा पुलिस में एसआई के पद से सेवानिवृत्त थे। पूजा खुद भी इन दिनों आबकारी एवं कराधान विभाग में इंस्पेक्टर हैं। पूजा के पिता फुटबाल के खिलाड़ी रह चुके हैं। जबकि पूजा की बड़ी बहन पूनम गृहिणी हैं और छोटा भाई अरविंद डीपीई है। वहीं, उनके मंगेतर आकाश दो बहन भाई हैं। उनकी बड़ी बहन प्रियंका ऑस्ट्रेलिया में रहती है, जोकि शादीशुदा है। आकाश की मां सरला देवी गृहिणी हैं व पिता का देहांत हो चुका है।
पूजा ने 2010 से कमाया नाम
पूजा ने बॉक्सिंग में खूब नाम कमाया है। 2010 में गोवा में हुई जूनियर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में रजत पदक, 2012 में गुवाहाटी में हुई सीनियर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक, 2013 में एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक जीता। इसी प्रकार 2013 में एशियन गेम्स में कांस्य पदक हासिल किया। इस दौरान 2019 में बैंकॉक में हुई एशियन चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक, 2021 में दुबई में हुई एशियन चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक और वर्ष 2021 टोक्यो ओलिंपिक में प्रतिनिधित्व कर चुकी है।

रिलेटेड पोस्ट्स