पांच टीमों ने 87 खिलाड़ियों पर खर्च किए 59.50 करोड़ रुपये

विमेंस प्रीमियर लीगः 20 महिला क्रिकेटर बनीं करोड़पति
तीन खिलाड़ी शबनम, सोनम यादव और विन्नी सुजान 15 वर्ष की
खेलपथ संवाद
मुम्बई।
विमेंस प्रीमियर लीग 2023 का ऑक्शन सोमवार को मुंबई में समाप्त हुआ। इस ऑक्शन में 448 खिलाड़ियों की किस्मत दांव पर थी। ऑक्शन में उतरीं कुल 448 खिलाड़ियों में से सिर्फ 87 खिलाड़ियों पर बोली लगी। वहीं, इनको खरीदने में पांच फ्रेंचाइजी, मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स, यूपी वॉरियर्स, गुजरात जाएंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने मिलकर 59.50 करोड़ रुपये खर्च किए। आखिर में दिल्ली के पर्स में 35 लाख, गुजरात के पर्स में पांच लाख और बैंगलोर के पर्स में 10 लाख रुपये रह गए। गुजरात, दिल्ली और बैंगलोर ने सबसे ज्यादा 18-18 खिलाड़ी खरीदे। वहीं, मुंबई ने 17 और यूपी ने 16 खिलाड़ियों को खरीदा।
160 से ज्यादा विदेशी खिलाड़ी इस नीलामी में उतरी थीं, उनमें से 30 खिलाड़ियों पर ही बोली लगी। वहीं, 250 से ज्यादा भारतीय खिलाड़ी ऑक्शन में उतरी थीं। इनमें से 57 भारतीय खिलाड़ी नीलामी में बिकीं। ऑक्शन में 20 खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजियों ने एक करोड़ या उससे ज्यादा की राशि लुटाई। इनमें से चार खिलाड़ियों को फ्रेंचाइजी ने दो करोड़ से तीन करोड़ के बीच और तीन खिलाड़ियों को तीन करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि में खरीदा। स्मृति मंधाना (RCB) ऑक्शन में सबसे महंगी बिकीं। उन पर 3.40 करोड़ रुपये की बोली लगी। 
वहीं, इंग्लैंड की नताली स्कीवर (MI) और ऑस्ट्रेलिया की एश्ले गार्डनर (GGT) पर 3.20 करोड़ रुपये की बोली लगी। यह दोनों सबसे महंगी विदेशी खिलाड़ी रहीं। भारत की दीप्ति शर्मा (UPW) पर 2.60 करोड़ रुपये की बोली लगी। वहीं, जेमिमा रॉड्रिग्स (DC) 2.20 करोड़ और शेफाली वर्मा (DC) दो करोड़ रुपये में बिकीं। ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी को भी गुजरात जाएंट्स (GGT) ने दो करोड़ रुपये में खरीदा। इन पर फ्रेंचाइजी ने सबसे ज्यादा बोली लगाई।
की-पॉइंट्सः लीडरशिप रोल के लिए टीमों ने खिलाड़ियों में दिखाई दिलचस्पी। मुंबई ने हरमनप्रीत, नताली स्कीवर और हैली मैथ्यूज जैसी सीनियर खिलाड़ियों को खरीदा।
शुरुआती दो सेट की नीलामी में अधिकांश खिलाड़ियों को एक करोड़ रुपए से ज्यादा राशि की बोली लगी। 
अंडर-19 वर्ल्ड चैम्पियन टीम की छह खिलाड़ी ही बिकीं: अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाली भारतीय टीम की सिर्फ छह खिलाड़ी ही बिकीं। इनमें यूपी ने श्वेता को 40 लाख, पार्श्वी चोपड़ा और बैटर एस यशश्री को 10-10 लाख रुपए में खरीदा। दिल्ली ने तेज गेंदबाज तितास साधु को 25 लाख, मुंबई ने सोनम यादव को 10 लाख और गुजरात ने शबनम शकील 10 लाख में अपने साथ जोड़ा।
इस प्रकार हुई नीलामी
12 करोड़ रुपये नीलामी में हर टीम के पास खिलाड़ियों को खरीदने के लिए थे। 30 विदेशी खिलाड़ियों के साथ अधिकतम 90 खिलाड़ियों को चुनना था, जिसमें से सिर्फ 87 खिलाड़ियों पर बोली लगी। अधिकतम 18 और न्यूनतम 15 खिलाड़ियों से एक फ्रेंचाइजी अपनी टीम बना सकती थी। इसमें 12 भारतीय और छह विदेशी खिलाड़ी होंगे। पांच विदेशी खिलाड़ियों को अंतिम एकादश में रखा जा सकता है, लेकिन पांचवां विदेशी खिलाड़ी एसोसिएट देश होना चाहिए। 41 वर्षीय भारत की लतिका कुमारी इस नीलामी में सबसे उम्रदराज खिलाड़ी रहीं। तीन खिलाड़ी शबनम, सोनम यादव और विन्नी सुजान 15 वर्ष की हैं और नीलामी में सबसे कम उम्र की खिलाड़ी रहीं। इस साल विमेंस प्रीमियर लीग में कुल 22 मैच खेले जाएंगे। 409 खिलाड़ियों ने 50, 40, 30, 20 और 10 लाख रुपये के अपने-अपने आधार मूल्य तय किए गए थे।

रिलेटेड पोस्ट्स