भारतीय टीम ने स्पेन को हराकर जीता खिताब

एफआईएच प्रो लीग में जगह पक्की की
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
स्पेन में खेले गए महिला एफआईएच नेशंस कप में भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ियों ने कमाल कर दिखाया है। भारतीय हॉकी टीम ने स्पेन को हराकर महिला एफआईएच नेशंस कप 2022 का फाइनल जीत लिया है। महिला एफआईएच नेशंस कप के फाइनल में भारतीय टीम ने स्पेन को 1-0 से हराते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही भारतीय महिला हॉकी टीम ने 2023-24 एफआईएच प्रो लीग में अपना स्थान पक्का कर लिया है। शुरुआती क्वार्टर में गुरजीत कौर ने एकमात्र गोल किया, जो आखिरी तक गेम जीतने वाला गोल बना।
ओलम्पिक वेबसाइट के अनुसार, स्पेन ने खेल के पहले मिनट में अच्छा प्रदर्शन किया और लगभग बढ़त बना ली थी। स्पेन को सबसे पहला पेनल्टी कार्नर मिला, लेकिन भारत की कप्तान सविता पूनिया ने पेनल्टी कार्नर से स्पेनिश खिलाड़ी के गोल के प्रयास को नाकाम कर दिया। इसके बाद भारत ने मैच का पहला पेनल्टी कार्नर पांच मिनट में जीता। इस मौके को भुनाते हुए गुरजीत कौर ने पेनल्टी कार्नर से गोल दागा और भारत को बढ़त दिलाई।
हाफटाइम हॉर्न से पहले पेनल्टी कार्नर से दो अच्छे गोल के मौके आए। स्पेन की क्लारा पेरेज भारतीय खिलाड़ी गुरजीत को फिर से गोल करने से रोकने में सफल रही, जबकि सविता ने स्पेन की खिलाड़ी लूसिया जिमेनेज की कोशिश को नाकाम कर दिया। भारत ने दूसरे हाफ में 1-0 की बढ़त बना ली थी। इसके बाद दोनों टीमों ने आक्रामकता दिखाई। क्लारा पेरेज ने एक बार फिर भारत की तरफ से गोल की कोशिश को असफल किया। भारत ने पेनल्टी कार्नर से फिर से गोल दागने के साथ अपनी बढ़त को दोगुना करनी कोशिश की थी, जो नाकाम रही। 
स्पेन ने की थी स्कोर बराबर करने की कोशिश
मेजबान टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए दबाव बनाए रखा। स्पेन की टीम भी लगातार आक्रमण कर रही थी,  लेकिन भारत का डिफेंस सजग था, जिसने हर खतरे को रोक दिया। चौथे क्वार्टर में 1-0 के पिछड़ने के चलते मेजबान टीम ने स्कोर को बराबर करने की काफी कोशिश की, लेकिन भारतीय हॉकी टीम ने स्पेन को आखिर तक कोई मौका नहीं दिया और खिताब जीतते हुए एक नया इतिहास बना डाला।

रिलेटेड पोस्ट्स